महासमुन्द

सोशल मीडिया पर युवती से नजदीकी, शादी का झांसा देकर मतांतरण की आशंका, पुलिस जांच जारी
19-Oct-2025 3:36 PM
 सोशल मीडिया पर युवती से नजदीकी, शादी का झांसा देकर मतांतरण की आशंका,  पुलिस जांच जारी

महासमुंद, 19 अक्टूबर। बसना थाना क्षेत्र में एक युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से शादी का झांसा देने और मतांतरण कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। परिजनों की सतर्कता से युवती सुरक्षित घर पहुँच गई, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मुस्लिम युवक ने इंस्टाग्राम पर युवती से संपर्क साधा। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को प्रेमी बताकर नजदीकियां बढ़ाईं। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान युवक ने युवती का मतांतरण कराने की कोशिश भी की।

बसना थाना प्रभारी नरेंद्र राठौर ने बताया कि पीडि़ता के बयान की वीडियोग्राफी कराई गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम संबंध का प्रतीत हो रहा है। युवती ने अभी तक धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

परिजनों का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाते कहा है कि युवक युवती को शादी के नाम पर बहला-फुसलाकर ले गया था। 15 अक्टूबर को युवती को बसना से अपने साथ ले जाने के बाद परिजन खोजबीन में निकले और पिथौरा के पास आरोपी व युवती को देख लिया। परिजनों को देखकर आरोपी मौके से भाग गया।

शिकायत में परिजनों ने यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी ने युवती को कलमा और नमाज पढऩा सिखाने की कोशिश की और शादी के बाद धर्म परिवर्तन कराने की बात कही थी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट