महासमुन्द

धनतेरस पर चांदी-सोने की शानदार ग्राहकी, कारोबारियों के चेहरे खिले
19-Oct-2025 3:18 PM
धनतेरस पर चांदी-सोने की शानदार ग्राहकी, कारोबारियों के चेहरे खिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 19 अक्टूबर। शनिवार को धनतेरस पर ज्वेलर्स की दुकानों में चांदी और सोने की शानदार ग्राहकी के बीच अन्य सामग्री की बिक्री अपेक्षानुसार कम रही, वहीं दीपावली के एक दिन पहले लगने वाले मार्केट में दोपहर 2 बजे तक सन्नाटा दिखा। इससे व्यवसायी थोड़ा निराश दिखे।

दीपावली में अन्य पर्वों के मुकाबले बहुत ज्यादा अपेक्षाएं व्यापारी वर्ग को होती है, परन्तु इस बार कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक समान, जूते सहित रंगोली एवं गृह साज सज्जा के समान विक्रेताओं को ग्राहकों का टोटा रहा। परन्तु अत्यधिक महंगे स्वर्ण आभूषण की बिक्री भी अप्रत्याशित रही। खुद सराफा कारोबारियों ने भी नहीं सोचा था कि ग्राहकी इतनी अधिक होगी।

एक ज्वेलर्स ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि इस बार सोना महंगा होने के कारण लोगों का महंगी चांदी की ओर रुझान रहा। बर्तन की दुकानों में अपेक्षाकृत खरीददार कम रहे।

धनतेरस पर झाड़ू, नमक और धनिया की खरीद बढ़ी

धनतेरस पर इस बार परंपरागत सोना-चांदी और बर्तनों के साथ झाड़ू, नमक और धनिया की खऱीदारी भी बड़े पैमाने पर हुई। बाजार में खरीदारी करने निकले कई लोगों के हाथों में झाड़ू, नमक और खड़ा धनिया दिखाई दिया। व्यापारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर लगातार साझा किए जा रहे संदेशों में इन वस्तुओं को शुभ मानकर खरीदने की अपील की गई थी। महंगाई के दौर में अपेक्षाकृत सस्ती और आसानी से उपलब्ध इन वस्तुओं की मांग बढऩे से छोटे दुकानदारों को भी अच्छा लाभ हुआ।

 

नरक चौदस को मार्केट सूनसान

 रविवार को नरक चौदस है। सोमवार को लक्ष्मी पूजन और ग्रामीण क्षेत्र में मनाई जाने वाली सुरूति और गौरा गौरी स्थापना का दिन है, इसके बावजूद बाजार में सूनापन आश्चर्यजनक है। इसका कारण कुछ व्यवसाइयों से जानने का प्रयास किया। इनके अनुसार इस बार दीपावली समय से पहले है, लिहाजा अभी खरीफ फसल नहीं आई, दूसरा कारण अभी सरकारी विभागों में वेतन भी कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा एवं नगर में विगत माह एक निजी कम्पनी एच पी आई एन द्वारा क्षेत्रवासियों के करोड़ों रूपये गबन कर भागने को बताया जा रहा है।

वहीं कुछ कारोबारियों के अनुसार जो समान ऑनलाइन उपलब्ध है, उसकी प्रत्यक्ष ग्राहकी काफी कम है। परन्तु सोना चांदी की ऑनलाइन खरीदी लोग नहीं करते, इसलिए ज्वेलर्स के यहां खासी भीड़ रही।


अन्य पोस्ट