महासमुन्द

सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगा सोलर प्लांट हटाया
16-Oct-2025 3:16 PM
सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगा सोलर प्लांट हटाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अक्टूबर। जिले के बसना क्षेत्र के ग्राम अखराभांठा में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से सोलर प्लांट लगाने के प्रकरण में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नायब तहसीलदार न्यायालय बसना ने जारी बेदखली वारंट के अनुपालन में शिकायतकर्ता की मौजूदगी में मालजमादार रामायण निषाद, हल्का पटवारी तोमेश ध्रुव, कोटवार, सरपंच, कृषक एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में शासकीय भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
प्रशासनिक टीम ने कुछ स्थानों से सोलर पैनल व घेरा हटवाया। अतिक्रमण हटाने के बाद कंपनी संचालक विजय अग्रवाल ने शेष सोलर पैनल 30 दिनों के भीतर स्वयं हटाने का आश्वासन दिया है। सोलर पैनल लगाने वाली कंपनी के संचालक ने निजी जमीन के साथ सरकारी भूमि पर कब्जा कर सोलर पैनल लगाया था।
इस प्रकरण की शुरुआत करीब 10 से 12 वर्ष पूर्व हुई। जब बसना के एक प्रभावशाली व्यक्ति ने ग्राम अखराभांठा में शासकीय भूमि से सटी 50 एकड़ निजी भूमि किसानों से औने-पौने दामों में खरीदी। धीरे-धीरे उसने आसपास की करीब 12.87 एकड़ शासकीय भूमि पर भी कब्जा कर लिया। 
बाद में उक्त व्यक्ति ने यह संपूर्ण भूमि 50 एकड़ निजी और 13 एकड़ भूमि सहित रायगढ़ की एनआर व्हीएस स्टील लिमिटेड कंपनी को बेच दी। कंपनी ने इस भूमि पर सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित कर दी। इससे सरकार को करोड़ों रुपए के राजस्व की हानि हुई। 
अखराभांठा के ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की शिकायत बसना न्यायालय में दस्तावेज सहित प्रस्तुत की थी। जांच में पाया गया कि कंपनी ने खसरा नंबर 318, 330, 322, 328 और 117 रकबा 24.71 एकड़ शासकीय भूमि में से लगभग 12.87 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।

 


अन्य पोस्ट