महासमुन्द
महासमुंद,16अक्टूबर। महासमुंद सर्व समाज के लिए ग्राम गढफ़ुलझर में स्वीकृत मंगल भवन निर्माण कार्य में हुई गड़बडिय़ों पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत लगभग 43.65 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन की निविदा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की शिकायत शासन स्तर तक पहुंचने के बाद कलेक्टर महासमुंद ने जांच कर पूरी प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गढफ़ुलझर में मंगल भवन निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि यह निविदा सिर्फ 2 घंटे 15 मिनट में ही क्लोज कर दी गई। ग्रामीणों का आरोप था कि यह पूरी प्रक्रिया एक पसंदीदा ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए जल्दबाजी में की गई। जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठे। शिकायत के बाद शासन ने मामले की जांच कराई। जांच में पाया गया कि निविदा जारी करने से लेकर बंद करने तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और समय सीमा के विपरीत थी। कई पात्र ठेकेदारों को आवेदन करने का अवसर तक नहीं मिला। कलेक्टर ने इस पर संज्ञान लेते हुए निर्माण एजेंसी से आवश्यक दस्तावेज तलब किए और विस्तृत जांच के बाद निविदा को रद्द कर नई प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए।