महासमुन्द

पिकअप की चपेट में छात्र गंभीर, चालक फरार
15-Oct-2025 3:20 PM
पिकअप की चपेट में छात्र गंभीर, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 अक्टूबर। कल बागबाहरा में स्कूल से वापस हॉस्टल जा रहे छात्र को पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। छात्र को जख्मी कर चालक वाहन लेकर भाग गया। इस घटना में छात्र जोगेंदर सिंग दीवान बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे जांघ, पैर, सिर व कमर आदि में गंभीर चोट आयी है। स्थानीय शासकीय अस्पताल में प्रथमोपचार के बाद उसे उपचार हेतु महासमुंद रिफर कर दिया गया है। उपरोक्त घटना एनएच 353 में एफसीआई के आसपास लगभग 3.30 बजे की है। उस समय बागबाहरा उमा शाला का छात्र जोगेन्द्र दीवान पिता हेमंत स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपनी सायकल से पोस्ट मैट्रिक आदिवासी हॉस्टल जा रहा था कि सफेद रंग की पिकअप उसे अपनी चपेट में लेकर जख्मी किया और फरार हो गया।

उल्लेखनीय है कि रेस्ट हाउस से लेकर झलप चौक के बीच स्थित एफसीआई एवं वेयरहाउस के गोदामों में चावल आदि खाद्य सामान लाने ले जाने वाले बड़े-बड़े ट्रकों की भारी आवाजाही के साथ सडक़ में खड़े होने की वजह से दिन में कई.कई बार ट्रेफिक जाम हो जाता है। इस दौरान छोटे-बड़े वाहन रास्ते में फंस जाते हैं।

उक्त स्थान पर एफसीआई और न ही वेयरहाउस के अधिकारी व्यवस्था को सुचारू बनाने में कभी दृष्टि गोचर होते नहीं दिखते। बल्कि सारा दोष पुलिस पर मढऩे में कोताही नहीं बरतते। पुलिस भी चावल से भरी ट्रकों को दूर तक खड़ा करने का प्रयास करते दिखते हैं। लेकिन झलप चौक से एफसीआई तक गोदामों में प्रवेश करने खड़ी ट्रकें गेट से अंदर प्रवेश करने तथा खाली कर वापस लौटते समय सडक़ में यातायात को जाम करने में बड़ी भूमिका अदा करते हैं। जो आये दिन लोगों के लिये परेशानी का सबब बन रहे हैं।

नागरिकों के लिये यह स्थान यातायात के मामले नासूर बन गयी है। इस समस्या का ठोस निराकरण की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन अब तक अपेक्षित पहल नहीं हो सका है।


अन्य पोस्ट