महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 अक्टूबर। होल डिगर मशीन से खुदाई करते समय नगर की मुख्य पेयजल पाइप लाइन फ ट गई जिससे हजारों लीटर पानी फ ॉरेस्ट ग्राउंड में भर गया। इसी वजह से कल रविवार शाम से नगर के कई वार्डों में पानी सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई।
नगर के वार्ड.27, 29 और 30 में रविवार शाम से एक भी बूंद पानी की सप्लाई नहीं हुई। अचानक पानी बंद होने से लोगों को सुबह से ही कुएं और बोरवेल पर कतारें लगानी पड़ीं। लोगों ने बताया कि न तो नगर पालिका की ओर से पूर्व सूचना दी गई, न ही किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। पानी के लिए मौहारीभांठा, सिविल लाइन, कलेक्टर कॉलोनी, कौशिक कॉलोनी, गुड़रूपारा, शास्त्री चौक और भलेसर मार्ग के रहवासी दिनभर परेशान रहे।
नगर पालिका के अनुसार प्रभावित तीन वार्डों में लगभग 1000 घरों में नल कनेक्शन हैं। जिनकी आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। सोमवार सुबह भी लोग नल के सामने बाल्टियों और डिब्बों की कतार लगाए बैठे रहे, लेकिन पानी नहीं आया।
नल-जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकर ने बताया कि सूचना मिली की पोस्ट होल डिगर से खुदाई के दौरान पाइप लाइन में छेद हो गया था। जमीन से लगभग 5 फीट नीचे पाइप लाइन बिछी है। इस दौरान पाइप लाइन को नुकसान हुआ है। सुधार कार्य कराया जा रहा है। दो अतिरिक्त स्थानों पर छेद की जानकारी मिली है, जिन्हें भी जल्द ठीक किया जाएगा। नगर पालिका के पास 10 पानी टैंकर हैं। जिनसे सभी प्रभावित मोहल्लों में वैकल्पिक सप्लाई कराई गई है। संभावना है कि मंगलवार तक जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वार्ड-29 की पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा ने कहा कि पाइप लाइन टूटने से वार्डों में पानी सप्लाई ठप है। यह गंभीर लापरवाही है। टैंकरों से पानी पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 जगह से पाइप लाइन टूटी है। नगर पालिका के कर्मचारी जब फॉरेस्ट ग्राउंड के पास पाइप लाइन की मरम्मत कर रहे थे, तब उन्हें केवल एक स्थान पर लीकेज की जानकारी थी। उसी स्थान से 10 कदम की दूरी पर दो और जगह पाइप लाइन में छेद हैं। कर्मचारी केवल एक ही स्थान की मरम्मत कर लौट गए। नगरपालिका के सीएमओ अशोक सलामे ने कहा हैकि व्यवस्था जल्द सुधारेंगे। गौरव पथ निर्माण के दौरान पाइप लाइन को नुकसान हुआ है। सुधार कार्य कराया जा रहा है। दो अतिरिक्त स्थानों पर छेद की जानकारी मिली है, जिन्हें भी जल्द ठीक किया जाएगा।