महासमुन्द

विज्ञान सभा की औषधीय पौधों की खोज यात्रा देवपुर घाटी में संपन्न
13-Oct-2025 8:28 PM
विज्ञान सभा की औषधीय पौधों की खोज यात्रा देवपुर घाटी में संपन्न

10 किमी ट्रेकिंग में 200 से अधिक औषधीय पौधों की पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा और वन विभाग बलौदाबाजार-भाटापारा के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय जल-जंगल यात्रा एवं औषधीय पौधों की खोज यात्रा का आयोजन 10 से 12 अक्टूबर तक देवपुर घाटी के वनों में किया गया। यह कार्यक्रम वन मंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

विगत 22 वर्षों से विज्ञान सभा द्वारा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और ओडिशा के वनों में ऐसी खोज यात्राएँ आयोजित की जाती रही हैं। इस वर्ष देवपुर के घने जंगलों में लगभग 10 किलोमीटर ट्रेकिंग कर 200 से अधिक औषधीय पौधों की पहचान और संग्रह किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। खोज यात्रा का नेतृत्व प्रसिद्ध टैक्सोनॉमिस्ट प्रो. एम. एल. नायक ने किया।

यात्रा के दौरान सफेद मुसली, काली मुसली, सतावर, अनंतमूल, सारिवा, भूनिम्ह, केवटी जैसे सामान्य पौधों के साथ जीवक, निर्मलीभगत, कंपिक जैसी दुर्लभ औषधियों की भी खोज हुई। पौधों के स्थानीय और वानस्पतिक नाम, औषधीय गुण और संरक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. एम. एन. नायक ने दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण पर जोर दिया और विद्यार्थियों व शोधार्थियों से शोध एवं व्यावसायिक पहल बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैव विविधता समितियों के माध्यम से औषधीय पौधों का संरक्षण एवं संगठित विपणन भारत को वैश्विक स्तर पर स्थापित कर सकता है।

कार्यक्रम में विज्ञान सभा के अध्यक्ष विश्वास मेश्राम, सचिव डॉ. वाई. के. सोना, कोरबा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के. के. सहारे, वनस्पति विज्ञानी, जन्तु विज्ञानी, आयुर्वेद चिकित्सक, शोधार्थी व स्थानीय वैद्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में 105 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस यात्रा के आयोजन में बलौदा बाजार वन मंडल, स्थानीय वनकर्मियों और विज्ञान सभा की टीम का विशेष सहयोग रहा।


अन्य पोस्ट