महासमुन्द

प्रेतनडीह में सचिव पर घूसखोरी के आरोप
13-Oct-2025 3:53 PM
 प्रेतनडीह में सचिव पर घूसखोरी के आरोप

महासमुंद, 13 अक्टूबर। जिले की ग्राम पंचायत प्रेतनडीह में पंचायत सचिव के खिलाफ सरपंच और पंचों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सचिव पंचायत कार्यों में कमीशन की मांग करती हैं और घूस नहीं देने पर भुगतान रोक देती हैं। सरपंच दीपक ने बताया कि 2 अक्टूबर को ग्राम सभा के बाद पंचायत बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए थे। इनमें एक बोर खनन कार्य के 85 हजार रुपये भुगतान का प्रस्ताव भी शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिव ने प्रस्ताव तैयार कर पारित कराया, लेकिन बाद में और प्रस्ताव की फोटो खींचकर पूर्व सरपंच को भेज दी। इसके बाद सचिव ने भुगतान रोक दिया और 20 हजार रुपये की मांग की। सरपंच का कहना है कि इस तरह की शिकायत मार्च 2025 में भी जनपद पंचायत सीईओ से की गई थी।

 

पंचायत के पंच और ग्रामीणों का कहना है कि सचिव का घर पंचायत से करीब 25 किमी दूर है और वे नियमित रूप से पंचायत भवन नहीं आतीं। ग्रामीणों का आरोप है कि मृत्यु, जन्म प्रमाण पत्र या राशन कार्ड में नाम जोडऩे जैसे कामों के लिए उनसे अतिरिक्त रकम ली जाती है।

सरपंच ने बताया कि उन्होंने सचिव को हटाने या स्थानांतरण की मांग जिला पंचायत सीईओ से की है।

इस विषय पर जनपद पंचायत सरायपाली के सीईओ अमित हलदार ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सचिव को हटाने का आवेदन पूर्व में भी जिला पंचायत सीईओ को भेजा गया था।

 

इस बीच पंचायत सचिव मुक्ता भोई ने सफाई देते हुए कहा कि वह ग्राम सभा में गई थीं और उनके पति इसलिए साथ जाते हैं क्योंकि वह खुद वाहन नहीं चला पातीं। उन्होंने कहा कि लेन-देन के आरोपों की जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन स्थानांतरण को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिया है।


अन्य पोस्ट