महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अक्टूबर। बया-कसडोल मार्ग के देवगढ़ घाट क्षेत्र में इन दिनों हाथियों का दल विचरण कर रहा है। लेकिन वन विभाग की लापरवाही के चलते यह इलाका जिज्ञासु लोगों के लिए खतनाक बन गया है।
ग्रामीणों, राहगीरों ने बताया कि हाथी सडक़ तक आ जा रहे हैं, और आने.जाने वाले लोग रुककर वीडियो बनाने और फोटो खींचने में जुटे रहते हैं। कई लोग तो हाथियों के करीब जाकर मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे हैं। यह न केवल जान जोखिम में डालने जैसा है, बल्कि हाथियों को भी उकसाने वाला व्यवहार है।
लोगों का कहना है कि देवगढ़ घाट का मार्ग काफी संकरा और खतरनाक है। जहां फ ोर व्हीलर वाहनों को मोडऩे तक की जगह नहीं रहती। इसके बावजूद लोग बिना डर के हाथियों के पास जा रहे हैं ,जिससे कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि जब हाथियों के साथ उनके शावक मौजूद होते हैं, तो वे और भी आक्रामक हो जाते हैं। उन्हें खतरे का आभास होते ही वे किसी पर भी हमला कर सकते हैं। इसलिए लोगों को ऐसी स्थिति में हाथियों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि देवगढ़ घाट क्षेत्र में दो-दो बैरियर मौजूद होने के बावजूद उन्हें खोल दिया गया है। जबकि यह इलाका पहले से ही हाथी विचरण क्षेत्र घोषित है। ऐसे में इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया जाना चाहिए था। वन विभाग की इस लापरवाही से न केवल लोगों की जान खतरे में है, बल्कि हाथियों के लिए भी यह तनावपूर्ण और असुरक्षित माहौल बन रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि विभाग को जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में कड़ी गश्त बढ़ानी चाहिए।