महासमुन्द
वीडियो सामने आने से मामला जांच के दायरे में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अक्टूबर। महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक के शासकीय हाईस्कूल मोहगांव से जुड़े एक वीडियो के सामने आने के बाद प्राचार्य पर सवाल उठे हैं। वीडियो में एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्राचार्य ने अपने कार्यालय में बुलाकर छात्राओं से अनुचित बातें कीं। उक्त वीडियो ‘छत्तीसगढ़’ के पास सुरक्षित है।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो व्याख्याता बैसाखूराम भोई ने तैयार किया और पेन ड्राइव के जरिए प्रधानपाठक भोजराज प्रधान को दिखाया। वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा हुई, लेकिन बाद में बैसाखूराम भोई ने यह कहते हुए इनकार किया कि वीडियो उन्होंने नहीं बल्कि प्राथमिक शाला के शिक्षक गौरीशंकर पंडा ने तैयार किया है।
गौरीशंकर पंडा ने 22 सितंबर को महासमुंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित आवेदन देकर इस मामले की जांच की मांग की। उनके अनुसार, 19 सितंबर को ग्राम सरपंच, पालकों और शिक्षकों की उपस्थिति में बैठक हुई थी, जिसमें व्याख्याता बैसाखूराम भोई ने पेन ड्राइव में वीडियो दिखाया और स्वयं इसे बनाने की बात कही थी।
पंडा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि अब उन पर प्राचार्य, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रोहित प्रधान, संकुल समन्वयक अंजय कश्यप और अहीर कुमार बरिहा दबाव बना रहे हैं कि वे वीडियो वायरल करने की जिम्मेदारी लें, अन्यथा उनके स्कूल में प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। पंडा ने कहा कि इस स्थिति से उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें झूठे आरोपों में फंसाने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने सबसे पहले व्याख्याता बैसाखूराम भोई से शिकायत की थी, उस समय संकुल समन्वयक अंजय कश्यप भी मौजूद थे। वीडियो में अंजय कश्यप छात्रा को कहते दिख रहे हैं कि वह ऐसी शिकायत न करें और पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने छात्रा से यह बात किसी और से न कहने के लिए भी कहा।
इस विषय में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने बताया कि उन्हें इस आवेदन की जानकारी नहीं है और कार्यालय जाकर इसकी पुष्टि करेंगे।