महासमुन्द
रात दो बजे तक जारी रहा प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अक्टूबर। एट्रोसिटी एक्ट के आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रगतिशील सतनामी समाज ने जिलाध्यक्ष विजय बंजारे के नेतृत्व में कल अजाक थाना परिसर में घेराव किया। यह घेराव दोपहर से शुरू होकर देर रात तक जारी रहा।
समाज के लोग पटवारी दफ्तर परिसर में एकत्र हुए और रैली की शक्ल में नारे लगाते हुए थाना परिसर पहुंचे। उन्होंने आरोपी शिक्षक द्वारिका प्रसाद बन्द्राकर की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग की। समाज का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर आरोपी को संरक्षण दे रही है, जबकि 13 सितंबर को मामला दर्ज किया जा चुका है। समाज का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पीडि़त शिक्षिका स्कूल नहीं जा पा रही है।
शाम होते-होते समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी दो में से एक मांग पूरी कर दी जाए तो वे हट जाएंगे, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की। पुलिस ने कहा कि सबूतों के अभाव में गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। यह मामला मिडिल स्कूल नरतोरा की शिक्षिका पंचकुमारी योगी से जुड़ा है। समाज का कहना है कि यह जातिगत अपमान का मामला है। समाज का आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी और निलंबन नहीं किया जा रहा है। पटेवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 141/25 में एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने कहा कि यह न्यायालयीन प्रकरण है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार तक आरोपी शिक्षक को निलंबित करने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की। यहां महिला और पुरुष पुलिस बल की संख्या बढ़ाई गई और बैरिकेड लगाए गए।
समाज के प्रतिनिधि मंडल में जिलाध्यक्ष विजय बंजारे, त्रिभुवन महिलांग, महेंद्र कोसरिया, दिनेश बंजारे, चित्रकुमार भारती, हीरा जोगी, चुम्मन कुर्रे, तेजराम चौलिक समेत अन्य लोग शामिल थे। समाजजन रातभर थाना परिसर में डटे रहे और वहीं भोजन भी किया।