महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने महासमुंद नगर में विजयादशमी उत्सव पथ संचलन और बौद्धिक सभा आहुत कर लोगों से राष्ट्रीय सामाजिक चेतना की अपील की है। नगर के शहीद भगत सिंह बस्ती में सभी स्वयंसेवक गणवेश में दोपहर 2.30 बजे एकत्र हुए। संघ स्थान पर संपत और ध्वज प्रणाम के बाद स्वयंसेवकों ने घोष वाद्य यंत्रों के साथ आकर्षक पथ संचलन निकाला जो लोहिया चौक से होते हुए नेहरू चौक, अम्बेडकर चौक, पुराना मछली बाज़ार, गंजपारा, आदित्य अस्पताल, श्री राम टॉकीज, काली माता मंदिर, पुराना माल धक्का चौक, झूलेलाल चौक, स्टेशन रोड से होते हुए शाम 4 बजे अपने अंतिम पड़ाव लोहिया चौक पहुंचा।
इसके बाद आयोजित बौद्धिक सभा में मंच पर प्रमुख वक्ता ठाकुर राम राजिम विभाग प्रचारक, कार्यक्रम अध्यक्ष हरका बहादुर कालीकोटी संचालक आदित्य हॉस्पिटल महासमुंद एवं अध्यक्ष आईएमए महासमुंद, भूपेंद्र राठौर नगर संघचालक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता, राजेश डड़सेना नगर कार्यवाह, गुलाब ठाकुर महाविद्यालय प्रमुख, नेहरू पटेल बस्ती प्रमुख, अखिलेश राव बस्ती सह.प्रमुख और सरदार सुमित सिंह ढिल्लो उत्सव प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर हुआ। कार्यक्रम के अध्यक्ष हरका बहादुर कालीकोटी ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी।
उन्होंने संघ की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ एक ऐसी तपस्या है जो व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है। मुख्य वक्ता ठाकुर राम ने कहा कि संघ समाज को संगठित, संस्कारित और राष्ट्र भाव से युक्त बनाने के लिए हमेंं पंच परिवर्तन जो कि साप्ताहिक मिलन, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम विकास के पांच आयामों पर विशेष बल देना है।
उन्होंने संघ की विशेषताओं पर विस्तार से बताते हुए कहा संघ का मूल कार्य संस्कार और चरित्र निर्माण करना है। जिससे एक आदर्श नागरिक तैयार होता है। संघ जाति, पंथ या वर्ग भेद को माने बिना पूरे समाज को संगठित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना किसी प्रचार या प्रतिफल की इच्छा के, संघ के स्वयंसेवक आपदा और सामान्य दिनों में सेवा कार्य करते हैं। संघ देश को सर्वोपरि मानकर व्यक्ति में अखंड राष्ट्रभक्ति की भावना जाग्रत करता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्ण गणेश में स्वयंसेवक, नागरिक बंधु, मातृ शक्ति उपस्थित थे।