महासमुन्द
कहा कि देश को युवा नेतृत्व की आवश्यकता है, नई लीडरशिप तैयार की जा रही है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10अक्टूबर। महासमुंद जिले में प्रदेश कांग्रेस ने नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से पहले गहराई से मंथन शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में पार्टी की ऑब्जर्वर विधायक मंडावा राजस्थान रीटा चौधरी कल गुरुवार को महासमुंद पहुंचीं थीं। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ कहा कि अबकी बार अध्यक्ष वही बनेगा जो असली कांग्रेसी होगा। जिसकी सोच, जिसका काम और प्रतिबद्धता कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप होगी।
रीटा चौधरी ने बताया कि इस बार चयन प्रक्रिया पहले से बिल्कुल अलग होगी। विचारधारा और संगठनात्मक पकड़ मुख्य कसौटी रहेगी। हम जिले के हर वर्ग युवा, महिला, किसान, डॉक्टर,पत्रकार व व्यापारी सहित समाज के प्रतिनिधियों से राय लेकर छह नाम हाईकमान को भेजेंगे। इसके बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का कोर ग्रुप अंतिम निर्णय लेगा। इसमें करीब एक से डेढ़ माह का समय लगेगा। कॉन्फ्रेंस में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व विधायक व पूर्व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, विकास उपाध्याय व जिला अध्यक्ष डा.रश्मि चंद्राकर समेत अन्य थे।
उन्होंने स्थानीय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश को युवा नेतृत्व की आवश्यकता है और नई लीडरशिप तैयार की जा रही है। बताया कि वे 13 अक्टूबर तक ब्लॉक और पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। चर्चाओं के आधार पर ही महासमुंद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद के लिए 6 नामों का एक पैनल हाईकमान को सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को संगठन से कैसे जोड़ा जाए, यह समझा जाए। संवाद से निकलने वाले निष्कर्षों को नेतृत्व के साथ साझा कर संगठन को नए सिरे से सक्रिय किया जाएगा, ताकि भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं का बेहतर ढंग से सामना किया जा सके।
नए सिरे से सक्रिय किया जाएगाए ताकि भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं का बेहतर ढंग से सामना किया जा सके।
गुटबाजी से जुड़े एक सवाल के जवाब में रीटा चौधरी ने कहा कि यह हर पार्टी में होती है। उन्होंने हयह भी कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की अपनी अपेक्षाएं होती हैं और हर कोई बड़े पद पर जाना चाहता है। इसी चाहत के कारण गुटबाजी उत्पन्न होती है। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए सृजन अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान गुजरात से शुरू होकर हरियाणा, मध्यप्रदेश और तेलंगाना के बाद अब छत्तीसगढ़ में जारी है। सृजन अभियान का निर्णय दिसंबर 2024 में कर्नाटक में आयोजित कांग्रेस अधिवेशन में लिया गया था। इस बार बड़े नेताओं की सिफारिश या गुटबाजी का दबाव नहीं चलेगा। जिलाध्यक्ष वही बनेगा जिसे जमीनी कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त होगा।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी अब ऐसे नेता की तलाश में है जो हर धर्म, समाज और वर्ग को साथ लेकर चल सके और संगठन की पकड़ जमीनी स्तर पर मजबूत कर सके। हमें ऐसा अध्यक्ष चाहिए जो कांग्रेस के प्रति निष्ठावान हो, न कि किसी व्यक्ति विशेष के प्रति। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि अब जो भी जिला अध्यक्ष होगा वो काफी पॉवरफुल होगा। भविष्य में टिकट वितरण में भी जिला अध्यक्ष की भूमिका अहम होगी।
गौरतलब है कि महासमुंद जिले में कई पुराने और युवा चेहरे दावेदारी में हैं। इस बीच अमरजीत चावला, विनोद चंद्राकर, आलोक चंद्राकर, डा. रश्मि चंद्राकर, अमृतलाल पटेल, भूपेंद्र ठाकुर व निष्कासन रदद् होने के बाद अंकित बागबाहरा का नाम अब तक चर्चा में है। हालांकि पार्टी सूत्र यह भी मान रहे हैं कि अंतिम फैसला विचारधारा और स्वीकार्यता के आधार पर ही होगा, न कि गुटबाजी या लॉबिंग के दम पर।
पार्टी गलियारों में एक और हलचल कि कल गुरुवार को कुछ निष्कासित पदाधिकारियों की भी वापसी हो गई है। इसमें अंकित बागबाहरा का भी निष्कासन अब रद्द कर दिया गया है। अंकित करीब 25 सालों से कांग्रेस में सक्रिय हैं। इस बीच कई अवसरों पर उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। निष्कासन संबंधी घटनाक्रम सामने आने के बाद अटकलें तेज हैं कि नया जिलाध्यक्ष का नाम चौंकाने वाला हो सकता है।