महासमुन्द

सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर व नगदी चोरी
10-Oct-2025 2:45 PM
सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर व नगदी चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 अक्टूबर। सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम गिरसा में  किसी अज्ञात चोर ने एक घर के अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नगदी रकम की चोरी कर ली। घटना के समय घर के लोग रामायण कार्यक्रम देखने के लिए बाहर गए हुए थे और घर पर कोई नहीं था।

थाना से मिली जानकारी अनुसार भरतलाल पटेल ग्राम गिरसा ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उनके माता-पिता पुराने घर में रहते हैं और वे नये घर में अपने पत्नी के साथ रहते हैं। पुराना घर की दूरी नया घर से लगभग एक किलोमीटर है। उन्होंने अपनी पत्नी के सोने-चांदी के जेवरात को अपने पुराने घर में रखे आलमारी में रखा था। जहां उनके माता-पिता रहते हैं। विगत एक अक्टूबर को शाम 7 बजे गांव में रामायण का कार्यक्रम होने से उनके माता-पिता पुराने घर के कमरे में रखे आलमारी का ताला लगाकर ड्रेसिंग के बगल में खूंटी में चाबी को रख दी और मेनगेट का ताला लगा कर रामायण कार्यक्रम देखने चले गये।

प्रार्थी स्वयं अपने नये घर में अपने पत्नी के साथ थे। रामायण कार्यक्रम देखने के बाद रात्रि लगभग एक बजे उनके माता-पिता पुराने घर में गये तो देखे कि कमरे के अंदर में रखे आलमारी का ताला खुला हुआ था। तब उन्होंने पुराने घर के कमरा के अंदर रखे आलमारी से सोने चांदी के जेवरात चोरी हो जाने की जानकारी दी। प्रार्थी ने खबर सुनकर जब पुराने घर में जाकर देखा तो आलमारी का दरवाजा खुला हुआ था और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।

आलमारी में रखा एक सोने का लगभग 20-25 वर्ष पुरानी इस्तेमाली चंपा काड़ी माला वजन लगभग 3 तोला कीमत 25 हजार रुपए, एक जोड़ी पुरानी इस्तेमाली सोने का टाप वजन 3 ग्राम कीमत 8 हजार रुपए, एक जोड़ी चांदी का पायल कीमत 15 हजार रुपए, नकदी रकम 8 हजार रुपए, कुल कीमत 56 हजार रुपए की चोरी हुई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात्रि में घर के अंदर घुसकर आलमारी का ताला खोलकर उक्त सोने चांदी के जेवर एवं नकदी रकम की चोरी कर ली थी। पुलिस ने प्रार्थी के रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331 -4, बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट