महासमुन्द

शरद काव्य गोष्ठी में छलकती रही काव्य फुहार
08-Oct-2025 3:57 PM
शरद काव्य गोष्ठी में छलकती रही काव्य फुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आस्था साहित्य समिति महासमुंद द्वारा साहित्यकार डॉ. साधना कसार के निवास पर काव्य गोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक की अध्यक्षता एवं  आशा मानव के मुख्य आतिथ्य में किया गया ।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार उत्तरा विदानी चांद को रेखांकित करते हुये कहा कि आज महज तालियों के लिये कोई गीत नहीं गाऊंगी चंद्रमा, सुनना चहांगे तो झोपड़ी के विरुद्घ व्यथा सुनाऊंगी चन्द्रमा ।

साहित्यकार सरिता तिवारी ने कहा कि आज मेरी आवाज परेशान कर जाती है, कल मेरी खामोशी सतायेगी अध्यक्षीय आसंदी से काव्य कलश छलकाते हुये साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक ने कहा कि रोटी ने नहीं पूछी, किसी भूखे की जात, व्यसन नहीं की कभी मजहब की बात - बढ़ती उम्र में भी साहित्य साधना में रत श्रीमती आशा मानव ने कहा कि चांद एक रुप है, रुप का प्रतीक है, पूर्ण मद का चन्द्र है इन्दू, चांद दृश्य रुप है ईश के स्वरुप का ।

साहित्यकार एस. चन्द्रसेन ने कहा कि आसमान में चांद चमकता चांदनियां भर आती है । उनसे लेकर कुम्भ, कुम्भ फिर शरद सुधा बरसाती है । बचपन की स्मृतियां व मां के दुलार पर शब्द चित्रित करते हुये डॉ. साधना कसार ने कहा कि कभी डांटना कभी समझाना मुझे बनाना मुझे संवारना क्या जीवन क्या जीवन भर भूल सकूंगी।

 शरद काव्य गोष्ठी में साहित्यकार टेकराम सेन चमक ने चमक बिखेरते हुये शरद के आगमन पर ग्रामीण परिवेश का चित्रण करते हुये कहा कि गोबर लिपा मेरा शरद का आंगन शरद के आंगन में प्रिया की रंगोली, प्रिया की रंगोली में दस-दस रंग, दस-दस रंगों में कातिक के फूल, फूलों भरा मेरा  शरद का आंगन ।

इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं साहित्यप्रेमी के.आर. चंद्राकर ने कहा कि आस्था की काव्य फुहार समाज के लिये प्रेरणा बने । संचालन डॉ. साधना कसार व आभार अधिवक्ता भरत सिंह कसार ने किया ।


अन्य पोस्ट