महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7अक्टूबर। राष्ट्र जागरण के संकल्प के साथ सेवा और सद्भाव का शताब्दी पर्व आरएसएस ने विजयादशमी उत्सव पथ संचलन के रूप में तुमगांव में मनाया।
इस अवसर पर शांति स्वरूप दुबे ने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत,अन्याय पर न्याय की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत, पाप पर पुण्य की जीत, अधर्म पर धर्म की जीत, अत्याचार पर सदाचार की जीत, हिंसा पर अहिंसा की जीत, रावण पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की जीत हुई। हमें स्वदेशी समानों के साथ स्वदेशी भाषा व भूषा अपनाना होगा।
उन्होंने कहा कि हम सब को संकल्प लेना होगा कि अपने परिवार को बचाने व शिक्षा के साथ संस्कार देने हेतु कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम करेंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने की भी आवश्यकता है। श्री रामजी के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समरसता लाना होगा और अपने दायित्व के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों का परिपालन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ, मजदूर संघ, अधिवक्ता परिषद, आरोग्य भारती, शिक्षक संघ, वनवासी कल्याण आश्रम, सक्षम, शिक्षा संस्कृति न्यास, विद्या भारती, संस्कृत भारती, सिक्ख संगत जैसे विविध संगठनों के रूप में हम कार्य कर रहे हैं। हिन्दू समाज को अब जागृत होना ही पड़ेगा। अपने सारे भेद और स्वार्थ भूलकर हिन्दुत्व के शाश्वत धर्म मूल्यों के आधार पर अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और आजीविका के जीवन को आकार देकर एक सामथ्र्य संपन्न, नीति संपन्न तथा सब प्रकार से वैभव संपन्न भारत खड़ा करना पड़ेगा।
कहा कि विश्व को नई राह की प्रतीक्षा है और उसको देना हिन्दू समाज का ईश्वर प्रदत्त कर्तव्य है। कृषि क्रांति हो गयी, उद्योग क्रांति हो गयी, विज्ञान और तकनीक की क्रांति हो गयी।
अब धर्म क्रान्ति की आवश्यकता है। सत्य, शुचिता, करुणा व तपस के आधार पर मानव जीवन की पुनर्रचना हो, इसकी विश्व को आवश्यकता है। संघ कार्य के महत्त्व को हम समझें। मैं और मेरा परिवार के दायरे से बाहर आकर हम सबको साथ में आगे बढऩा चाहिए। इसकी आवश्यकता है।