महासमुन्द

राज्य स्तर शालेय खेल स्पर्धा शुरू 5 जोन से 320 खिलाड़ी भाग ले रहे
07-Oct-2025 3:04 PM
राज्य स्तर शालेय खेल स्पर्धा शुरू  5 जोन से 320 खिलाड़ी भाग ले रहे

कबड्डी, हैंडबॉल और रग्बी खेल का होगा आयोजन

 जिलेवासियों को मिलेगा सर्वसुविधा युक्त हैंडबॉल ग्राउंड एवं इंडोर स्टेडियम-विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 अक्टूबर। जिले में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारम्भ कल विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मशाल जलाकर एवं ध्वजारोहरण के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर रंग बिरंगे जर्सी में खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट किया।

 विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने शपथ दिलाई। यहां शिक्षा विभाग, खेल विभाग एवं प्रतियोगिता से सम्बंधित अधिकारी एवं खेल प्रेमी जनता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

कार्यक्रम का समापन 9 अक्टूबर को मिनी स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता का शुभारम्भ के पूर्व अतिथियों ने खिलाडिय़ों से हाथ मिलाकर हौसला अफजाई की। इस दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। इस अवसर पर स्काउट गाइड के राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर,स्काउट गाइड संघ के जिलाअध्यक्ष येतराम साहू, जिला हैण्डबाल संघ के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह मौजूद थे।

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि आज के खिलाड़ी ही भविष्य के सफल इंसान बनेंगे। आज आप मैदान पर है कल किसी और बड़ेे स्थान में आपकी जगह होगी। उन्होंने कहा कि हार और जीत से ज्यादा आवश्यक मैदान में उतरकर खेलना है। ये आपको मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। आप सभी खेल भावना को बनाए रखते हुए पूरे जोश और उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लें। अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने सह.खिलाडिय़ों के साथ मिलकर एक सच्चे खिलाड़ी की तरह खेलें। खेल से जिंदगी में अनुशासन आता है। आज के खिला?ी भविष्य के अच्छे नागरिक बनकर देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

उन्होंने सभी खिलाडिय़ों और प्रतियोगिता से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी,कोच को इस आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि जिले को जल्दी ही नए हैंडबॉल ग्राउण्ड का सौगात मिलेगा। जिसमें फेंसिंग, लाईट एवं अन्य सभी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से एक इंडोर स्टेडियम एवं एक ऑडोटोरियम का निर्माण किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने खिलाडिय़ों प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल हमारी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन है, बल्कि यह हमारे मानसिक और नैतिक विकास का भी प्रतीक है। खेल जीवन में अनुशासनए समर्पण और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित करने में सहायक होते हैं, जो भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में मददगार होते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेना, चाहे परिणाम जो भी हो, सबसे महत्वपूर्ण आत्मविश्वास होता है। जिला हैण्डबाल संघ के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर ने कहा कि खेलों में हार.जीत से बढक़र हमारे अंदर की क्षमता, मेहनत और आत्मविश्वास मायने रखता है। जो खिलाड़ी मैदान में उतरते हैं, वे पहले से ही विजेता होते हैं

। क्योंकि उन्होंने अपने डर और कमजोरियों पर विजय प्राप्त की होती है। उन्होंने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी अपनी प्रतिभा और कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और राज्य को गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

               इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि खेल केवल जीत या हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है। मैदान में खेलते हुए खिलाड़ी न केवल अपने जिले या संस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं। बल्कि अपने राज्य और राष्ट्र की प्रतिष्ठा को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं। खेलों में आपकी लगन, संघर्षशीलता और निष्ठा ही आने वाले समय में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों के ठहरने, भोजन आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। उनके द्वारा शिक्षा विभाग को आवश्यक सुविधाएं मुहैय्या कराने के निर्देश दिए।

प्रतियोगिता के शुभारम्भ अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, कल्पना सूर्यवंशी, राजू चंद्राकर, संदीप घोष, महेन्द्र जैन, संदीप दीवान, रमेश साहू, प्रकाश शर्मा, पीयूष साहू, माखन पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, खेल से संबंधित अधिकारी.कर्मचारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी जन मौजूद थे।

रायपुर व बस्तर के बीच शुभारम्भ मैच

कल शुभारम्भ मैच रायपुर एवं बस्तर के मध्य हैंडबॉल के मैच से प्रारम्भ हुआ। 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में कबड्डी 19 वर्ष बालक-बालिका, हैण्डबाल में 17 वर्ष बालक एवं रग्बी में 17 वर्ष बालक-बालिका शामिल होंगे। प्रतियोगिता में 5 खेल जोन बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग,रायपुर, सरगुजा से 64.64 कुल 320 खिलाड़ी एवं 80 आफिसियल्स सम्मिलित होंगे।

 7 अक्टूबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक सरगुजा एवं बिलासपुर, बस्तर एवं रायपुर के मध्य तथा शाम 4 बजे से शाम 7 बजे तक रायपुर एवं दुर्ग तथा बिलासपुर एवं बस्तर के बीच मैच है। कल 8 अक्टूबर को सुबह 9 से 12 बजे तक बस्तर एवं सरगुजा तथा सरगुजा एवं दुर्ग के मध्य व शाम 4 से शाम 7 बजे तक रायपुर एवं बिलासपुर तथा दुर्ग एवं बस्तर के मध्य रग्बी खेल का आयोजन होगा। अंतिम मैच 8 अक्टूबर को शाम 6 बजे सेमी फाइनल विजेता टीमों के मध्य होगी।


अन्य पोस्ट