महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अक्टूबर। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम चिंगरौद में दशहरा उत्सव के दौरान शुक्रवार की रात बड़ा हादसा हो गया। बारिश के बीच रावण दहन में पेट्रोल डालने से अचानक आग भडक़ उठी और उसके पास खड़े 14 वर्षीय बालक तमेश्वर पटेल आग की चपेट में आ गया। उसके कपड़ों ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते उसका बायां पैर झुलस गया।
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से आग बुझाई और एंबुलेंस को कॉल किया। लेकिन आधे घंटे इंतजार के बाद भी वाहन नहीं पहुंचा। आखिरकार परिजन व ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन जिला अस्पताल में बर्न यूनिट ही नहीं है। वहां केवल मेडिसिन वार्ड में पर्दा लगाकर गंभीर मरीजों को रखा जाता है। जिससे संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है। आग से झुलसे मरीजों के लिए विशेष रूप से बैक्टीरिया फ्री वातावरण और प्रशिक्षित स्टाफ जरूरी होता है। लेकिन यहां यह सुविधा नहीं है। जानकारी के मुताबिक साल 2020 में अस्पताल परिसर में 10 बेड का बर्न वार्ड बनाया गया था। इसमें बर्न मरीजों के इलाज की सभी सुविधाएं थीं। लेकिन बाद में इस वार्ड को डायलिसिस सेंटर में बदल दिया गया। जबकि बाहर बर्न युनिट का सिर्फ बोर्ड लगा हुआ है।
गांव के सरपंच छेरकू जलछत्री ने बताया कि रात करीब 8 बजे रावण दहन की तैयारी हो रही थी। लगातार बारिश के कारण रावण का पुतला जल नहीं रहा था। तभी किसी ने पेट्रोल डाल दिया। इसी दौरान पास खड़े दाऊलाल पटेल के बेटे तामेश्वर पर पेट्रोल छिटक गया और तुरंत आग पकड़ ली। आग लगते ही बच्चा इधर-उधर भागने लगा। हालांकि ग्रामीणों ने आग बुझा दी। लेकिन तब तक उसका पैर गंभीर रूप से झुलस चुका था। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने देखा कि बच्चे का एक पैर बुरी तरह से झुलस चुका है और चमड़ी उखड़ गई है। लेकिन जिला अस्पताल में बर्न यूनिट की सुविधा नहीं होने की वजह से डॉक्टरों ने तत्काल रायपुर मेकाहारा रेफर कर दिया। परिजन बताते हैं कि रायपुर तक पहुंचने के दौरान बच्चा दर्द से कराहता रहा। मेकाहारा में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी स्थिति गंभीर है। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने कहा कि वर्तमान में अस्पताल में बर्न यूनिट की सुविधा नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर किया जाता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनकर तैयार होने पर यहां बर्न यूनिट की सुविधा मिलेगी। इसके निर्माण में अभी लगभग एक साल का समय लगेगा।