महासमुन्द
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत घायल से मिलने अस्पताल पहुंचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5अक्टूबर। महासमुंद नगर के नयापारा वार्ड-6 में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन यात्रा के दौरान शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे बिजली तार टूट कर गिरने से तीन लोग करंट की चपेट में आ गए। इनमें से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने युवती को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
मालूम हो कि एक माह पूर्व ही मोहल्लेवासियों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर तार झुकने की शिकायत करायी थी। बिजली कर्मियों ने इनकी शिकायत को अनदेखी कर दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गा विसर्जन यात्रा के दौरान नयापारा ठेठवार भवन के पास बिजली की तार झुके हुए हंै। जमीन से करीब 7-6 फीट ही ऊपर है। मोहल्ले वालों ने इसे ऊपर करने बिजली कार्यालय में तीन बार शिकायत कर चुके हैं। सुधार नहीं करने के कारण विसर्जन यात्रा में पोल का तार टकरा कर टूट गया।
तार के टूटने से यात्रा में शामिल दो युवक और एक युवती करंट की चपेट में आ गए। दोनों युवक फिरहाल ठीक हैं। हादसे में प्रियंका मानिकपुरी 22 साल बुरी तरह झुलस गई। उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के पीछे पूरी लापरवाही बिजली विभाग की बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते मोहल्ले वालों की शिकायत के बाद सुधार कर लिए होते तो ये हादसा नहीं होता।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू घायल प्रियंका से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रियंका का स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों को आवश्यक उपचार करने की बात कही। वहां उपस्थित परिजनों ने बताया कि हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। नपाध्यक्ष ने कहा कि विद्युत विभाग को शहर के सभी वार्डों में अव्यवस्थित बिजली तारों, खुले ट्रांसफार्मरों के पैनल बॉक्स को व्यवस्थित किया जाना चाहिए। ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।