महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5अक्टूबर। धान खरीदी को लेकर जिले में किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा है। खरीदी करीब एक महीने बाद शुरू हो सकती है। इससे पहले 1 लाख 53 हजार 250 किसानों ने पंजीयन करा लिया है और अब 8 हजार 750 का ही पंजीयन होना बाकी है। हालांकि इसके लिए अभी करीब 25 दिनों का समय है। मालूम हो कि धान बेचने वाले किसानों के लिए इस बार शासन ने नया नियम लागू किया है। इसके तहत अब कोई भी किसान बिना एग्रीस्टैक और किसान पोर्टल में पंजीकरण कराए धान नहीं बेच पाएगा। यह प्रक्रिया किसानों के लिए अनिवार्य कर दी गई है। ताकि खरीदी के साथ-साथ अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उन्हें मिल सके।
इस बीच पोर्टल में तकनीकी खामियों और पुराने रिकॉर्ड के कारण पंजीयन कार्य में बाधा आने की शिकायत भी आ रही है। नियम के तहत पंजीयन कराने के बाद किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, कृषक उन्नति योजना सहित कई योजनाओं का लाभ स्वत: मिलेगा।
महासमुंद जिले से अब तक 1.44 लाख किसान जुड़ चुकेहैं। महासमुंद जिले में वर्तमान में 1 लाख 62 हजार पंजीकृत किसान हैं। इनमें से लगभग 8 हजार 750 किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है। पिछले खरीफ सीजन में 1.53 लाख किसानों ने धान बेचा था। लेकिन उनमें से 8,732 किसान इस साल भी पंजीयन से वंचित हैं। अब तक 1.44 लाख किसान ही एग्रीस्टैक पर जुड़ चुके हैं।
धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक और किसान पोर्टल में पंजीकरण नया किसान पंजीयन और रकबा संशोधन का काम जारी है। किसान 31 अक्टूबर तक नया पंजीयन और संशोधन करवा सकते हैं। साथ ही डाटा कैरीफारवर्ड की प्रक्रिया भी चल रही है। कृषि विभाग के अनुसार धान खरीदी की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। इस बीच खेतों में धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। इस बार धान खरीदी के लिए इसमें किसान की पहचान, भूमि रिकार्ड, आय, ऋण, फसल विवरण, बीमा और अन्य सूचनाएं दर्ज रहेंगी। किसान को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगीए, जो आधार से लिंक होगी। इससे भविष्य में किसानों को योजनाओं का लाभ लेने व सरकारी प्रक्रिया से जुडऩे में आसानी होगी।