महासमुन्द

अटूट रिश्ते की नींव:लाफिनकला में पांच जोड़ी महिलाओं ने जंवारा बदने की परंपरा निभाई
03-Oct-2025 4:01 PM
अटूट रिश्ते की नींव:लाफिनकला में पांच जोड़ी महिलाओं ने जंवारा बदने की परंपरा निभाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व में बोये गये जंवारा का छत्तीसगढ़ में एक अलग महत्व है। नवरात्रि की शुरुआत में बोये गये जंवारे के विसर्जन के बाद इसका उपयोग की अनोखी परंपरा है। आधुनिक युग में भी इसकी महत्ता को ग्रहण नहीं लगा है। एक महिला किसी अन्य महिला के साथ या एक पुरुष किसी अन्य पुरुष के साथ दोस्ताना संबंध को आजीवन निभाने के लिए जंवारा बदते हैं। यह एक अनोखी पारंपरिक दोस्ती है जिसमें गेहूं के अंकुरित जवारा का आदान-प्रदान करके लोग आपस में गहरे और अटूट रिश्ते की नींव रखते हैं।

इसी परंपरा के अनुरूप कल ग्राम लाफिन कला गांव में महिलाओं की पांच जोड़ों ने जंवारा बदा। छत्तीसगढ़ में यह एक अनुष्ठान है, जिसमें जंवारा को एक दूसरे के कानों में लगाया जाता है और सुख-दुख में साथ निभाने का वचन दिया जाता है। यह रिश्ता मितान,दोस्त और मितानिन मतलब सहेली के सम्बंध को दर्शाता है जो खून के रिश्ते से भी गहरा और स्थायी माना जाता है।                               इससे दोस्ती इतनी गहरी होती है कि दोनों परिवार आपस में जुड़ जाते हैं और सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ देते हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी यह रिश्ता कायम रहता है। यह परंपरा छत्तीसगढ़ में दोस्ती का एक पारंपरिक और सामाजिक रूप है। जो भेदभाव और छुआछूत से परे है।

               छत्तीसगढ़ में सदियों से जंवारा बदने की परंपरा चलते आ रही है। जिसमें नवरात्र में जंवारा समापन के पश्चात एक समान विचार रखने वाले दो व्यक्ति एक दूसरे के कानों में जंवारा लगाते हंै और साथ ही श्रीफल भेंटकर जंवारा बदने की परंपरा निभाते हैं। किसी भी जाति की महिला-महिला से, पुरूष-पुरुष से या बच्चे-बच्चे किसी भी उम्र में जंवारा बद सकते हैं।

इसका नजारा कल जिला मुख्यालय महासमुंद से लगे ग्राम लाफिन कला में देखने के लिए मिला। यहां के उत्साही युवा महेन्द्र कुमार पटेल और गोवर्धन प्रसाद साहू के पहल पर ग्राम के पांच जोड़ी महिलाओं ने जंवारा बदने की परंपरा निभाई। इस दौरान तारा पटेल साथ दुर्गा यादव, सोनबती साहू के साथ बिसनी निषाद,शांति पटेल ने तुलसी यादव के साथ, चित्रेखा निषाद ने हेमबाई साहू और चंदा पटेल ने पूनम निषाद के साथ जवारा बदा।

यह परंपरा जंवारा विसर्जन के दिन ही निभाई जाती है। कहा जाता है कि गेहूं या जौ के अंकुरित पौधे देवी की शक्ति और करुणा का प्रतीक हैं। माता रानी के विसर्जन के दौरान जंवारा और नारियल को हाथ में लेकर सबके सामने एक दूसरे के कान में जंवारा को खोंचकर नारियल आदान-प्रदान कर मित्रता निभाने की कसम लेते हैं। जंवारा बदने के पश्चात अब एक दूसरे का नाम नहीं लिया जाता। कभी भी भेंट मुलाकात होने पर सीताराम जंवारा कहकर अभिवादन किया जाता है।

जंवारा बोते समय गेहूं के बीज के साथ बुजुर्गवार चना, मसूर, जौ, अलसी, अरहर जैसे सात प्रकार के बीजों को भी बोते हैं। इसलिए गांव वाले इसकी महत्ता समझते हैं। गांव वालों की मानें तो जंवारा वह शक्ति है जिसे संचित रखकर बढिय़ा ढंग से जीवन संभव है। इन बीजों से जब अंकुर बाहर आता है तो हर घड़ी उसकी सेवा बजाई जाती है क्योंकि यही अन्नपूर्णा है जिससे दुनिया के हर जीवों का पेट पलता है। 


अन्य पोस्ट