महासमुन्द

सर्दी-खांसी, बुखार दस्त के मरीज बढ़े
01-Oct-2025 4:25 PM
सर्दी-खांसी, बुखार दस्त के मरीज बढ़े

कभी बारिश, कभी धूप-उमस, सेहत हो रही खराब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 अक्टूूबर। कभी बदली बारिश, कभी उमस के अलावा हर सुबह ओस की बूंदों की ठंडकता से लोग बीमार हो रहे हैं। शासकीय तथा निजी अस्पतालों में सर्दी-खांसी, बुखार तथा दस्त के मरीज पहुंच रहे हैं। बीते 3 से 4 दिनों में मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में वायरल सर्दी, खांसी बुखार के मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार मौसम में बदलाव की वजह से यह स्थिति निर्मित हो रही है। बदली और बारिश उमस की वजह से महासमुंद ही नहीं बसना, सरायपाली तथा पिथौरा में भी यही स्थिति है। मौसमी बीमारियों के चलते चिकित्सक पानी उबालकर पीने तथा बीमारियों की रोकथाम के उपाय करने की सलाह दे रहे हैं।

महासमुंद शहर सहित अंचल में तेजी से मौसमी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी लगभग 450 पार हो चुकी है। वहीं नयापारा स्थित सिटी क्लिनिक में ओपीडी दो गुनी हो चुकी है। सामान्य दिनों में 80-90 के बीच रहने वाली ओपीडी 190 पहुंच गई है। मिली जानकारी के अनुसार रोजाना बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज में मरीज पहुंच रहे हैं। सर्द गर्म वातावरण के चलते इस बार एलर्जी यानी सर्दी, खांसी, बुखार तथा जल जनित बीमारियों के मरीजों में इजाफा हो रहा है। मौसम में बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है और वे बीमार हो रहे हैं। इनमें से बुजुर्ग बच्चे तथा अधेड़ उम्र के लोग अधिक हैं। स्थिति यह है कि रोजाना अस्पताल में कतार लग रही है। सरकारी तथा निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है।


अन्य पोस्ट