महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 1 अक्टूबर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में, 29 सितंबर को स्वस्थ माँ दिवस के अवसर पर समस्त माताओं, महिलाओं एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं और पेंशन भोगियों के लिए एक नि:शुल्क जांच और उपचार शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर माताओं, वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और उपचार प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, ताकि वे स्वास्थ्यगत एवं वृद्धावस्था से जुड़ी शारीरिक और मानसिक समस्याओं का सामना बेहतर ढंग से कर सकें। इस स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा अधिकारियों ने विभिन्न बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, लकवा, कैंसर, और, दंत चिकित्सा और फिजियोथेरेपी के लिए नि:शुल्क परामर्श और उपचार प्रदान किया।
शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.तेजेंद्र साहू सहित सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दी। यह कार्यक्रम स्वस्थ जीवन शैली केंद्र- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,गोबरा नवापारा की ओर से एक सराहनीय प्रयास है,जो माताओं और वृद्धजनों के स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शिविर के माध्यम से सभी माताओं को स्वास्थ्य लाभ मिला और उन्हें एक स्वस्थ जीवन जीने के लिए महत्वपूर्ण सलाह भी दी गई।