महासमुन्द

महिला नागरिक सहकारी बैंक की आमसभा
29-Sep-2025 6:19 PM
महिला नागरिक सहकारी बैंक की आमसभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 सितंबर। महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित महासमुंद की वर्ष 2024-25 हेतु वार्षिक आमसभा 28 सितंबर को  होटल एकाशिया स्टेशन रोड महासमुंद में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बैंक के अध्यक्ष अरुणा शुक्ला, उपाध्यक्ष द्वय सती साहू,निर्मला चंद्राकर एवं संचालक मंडल के सदस्यों अनिता जी रावटेे, रंजना शर्मा, इंद्राणी पाण्डेय, उषा चंद्राकर,श्यामकुमारी महिलांग, राजेश्वरी तिवारी, सुनिता देवांगन, मीना वर्मा, साधना सिंह ठाकुर एवं बैंक प्रतिनिधि तारा चंद्राकर,सीता डोंडेकर ने दीप प्रज्जलवन कर किया। सरस्वती वंदना बैंक की वरिष्ठ सदस्य निरंजना चंद्राकर ने प्रस्तुत की। 

बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार दवे ने विषय सूची के अनुसार बैंक की सविस्तार जानकारी आमसभा में प्रस्तुत की जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित-अनुमोदित किया। अरुणा शुक्ला ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन  में उपस्थित संचालक मंडल के सहयोगियों, अंशधारियों तथा बैंकिंग सेवा में समर्पित साथियों का सादर अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि सहकारिता के जनक पं. नेहरू ने सहकारिता के आधारशिला के रूप सहकारी बैंकों की स्थापना की थी। उनकी प्रेरणा से महिला नागरिक सहकारी बैंक की तरह अनेक संस्थाएं देश के कोने-कोने में संचालित है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता वस्तुत:सहभागिता का ही पर्यायवाची है। इसी सहभागिता के कारण आज हम सहकारिता आंदोलन के पहली पंक्ति में स्थापित हो चुके हैं। सहभागिता के बलबूते पर गत वार्षिक आमसभा में घोषणा के अनुरूप महिला बैंक की नई शाखा आरंग में खोलने हेतु निर्धारित सभी मापदंडों को सफलतापूर्वक पूर्ण किया और इसी आधार पर भारतीय रिजर्व बैंक ने  नई शाखा आरंग में खोलने हेतु अनुमोदन प्रदान किया।

 कहा कि नई शाखा आरंग ने अपना बैंकिंग व्यवसाय माह दिसंबर 2024 से प्रारंभ कर दिया है और मात्र 8 माह की अल्प अवधि में ही आरंग शाखा सफलता की ओर अग्रसर है।

अरुणा शुक्ला ने संचालक मंडल के निर्णय के परिपालन में वर्ष 2024-25 हेतु अपने सदस्यों को उनकी अंश राशि पर 13 प्रतिशत की दर से लाभांश देने की घोषणा की जिसका सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। उन्होंने यह भी कहा कि संचालक मंडल का यह निर्णय स्वागत योग्य है। हम इस लाभांश वितरण की योजना को निरंतर जारी रखना चाहते हैं। जिसके लिये आप सभी से व्यवसायिक सहयोग की अपेक्षा भी हैं।

बैंक की पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ संचालक अनिता जी रावटे ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने सदस्यों को नवरात्रि की बधाई दी। सभी संचालक सदस्यों का परिचय कराया गया। सायबर जागरुकता के बारे में सदस्यों को आगाह किया और कहा कि भविष्य में किसी तरह के होने वाले धोखाधड़ी से बचने के लिये विस्तृत उपाय करें। उन्होंने बताया कि छग में केवल तीन महिला बैंक कार्यरत है जिसमें से महासमुंद जिले का एकमात्र महिला नागरिक बैंक है जो निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा यदि महिलाओं में चाह और राह हो तो सब कुछ संभव है और इसी संभावनाओं के आधार पर आरंग में नई शाखा खोलकर नया मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने आरंग क्षेत्र की महिलाओं से आव्हान किया कि अधिक से अधिक सदस्य बैंक से जुडक़र बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठायें। बैंक के गुणात्मक अद्वितीय प्रगति का श्रेय प्रबंधकारिणी के बहनों के साथ-साथ कर्मचारियों को दिया जिनके सद्व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा तथा लगन स्वरुप हम इस मुकाम तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि आगामी आने वाले वर्षों में बैंक का और विस्तार किया जाना है जिसके लिये आप सभी से व्यवसायिक सहयोग की आशा रखती हूं।

बैंक की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सती साहू ने कहा कि बैंक के विद्यमान वित्तीय आंकड़ों में वृद्घि के लिये हमें कृत संकल्पित होना पड़ेगा और यह सब कुछ सभी अंशधारियों, खाताधारक भाईयों एवं बहनों के संयुक्त प्रयास से संभव हो सकेगा। वार्षिक साधारण सभा में सहकारिता विभाग से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एस आर बंजारे ने अपने उद्बोधन में बैंक की 27 वर्षों की प्रगति का उल्लेख किया तथा उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया है। उन्होनेंं बहुउद्देशीय सहकारिता के गठन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

बैंक की पूर्व संचालक तारिणी चंद्राकर ने भी सभा को संबोधित किया। कहा कि सभी सदस्यों को अधिक से अधिक बैंक से जुडडऱ बैंकिंग सुविधाओं को लाभ उठाना चाहिये एवं बैंक की उत्तरोतर प्रगति के लिये समय समय पर शिकायत, सुझाव जरूर है।

पत्रकार एवं बैंक की सदस्य उत्तरा विदानी ने कहा कि नई शाखा के स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किये जाने चाहिये जिससे कि अधिक से अधिक महिलाएं बैंक से जुड़ सकें। अंत में बैंक की प्रोफेशनल संचालक व अधिवक्ता साधना सिंह ठाकुर ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सहकारी आंदोलन के ध्वज को सफलता के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाने हेतु कृत संकल्प संचालक मंडल की सभी बहनों, अंशधारियों और खातेदारों का मैं आभार व्यक्त करती हूं। मैं उन सभी संस्थाओं की आभारी हूं जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से बैंक के संचालन में सहयोग प्रदान किया है।


अन्य पोस्ट