महासमुन्द

जनपद अध्यक्ष केशव के हाथों पेंशन आदेश वितरित
29-Sep-2025 2:33 PM
जनपद अध्यक्ष केशव के हाथों पेंशन आदेश वितरित

 सभी पात्रों तक लाभ पहुंचाने का आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 29 सितंबर। जनपद पंचायत बागबाहरा में समाज कल्याण विभाग द्वारा रजत महोत्सव सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत सामाजिक सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वीकृत पेंशन हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश सौंपे गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद अध्यक्ष  केशव नायक राम चंद्राकर ने अपने करकमलों से हितग्राहियों को पेंशन आदेश प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर यह आदेश माता रानी के आशीर्वाद के समान है, जिससे लाभार्थियों को भरण-पोषण और जीवनयापन में सहारा मिलेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल 50 या 100 लोगों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र के सभी पात्र हितग्राहियों तक पेंशन का लाभ पहुंचे, इसके लिए वे पूरी तरह कटिबद्ध हैं। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि पात्र लोगों को इस योजना से वंचित न रखा जाए। जनपद अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रम सभी पंचायतों में आयोजित हों, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में जन-जन तक पहुंच सके।

इस अवसर पर भूपेंद्र दीवान जनपद सदस्य, एडिशन ठाकुर सरपंच संघ अध्यक्ष, रामलाल सिन्हा पूर्व सरपंच खल्लारी, रिंकू चेतन चंद्राकर पूर्व सरपंच म क बाहरा, भानमती ध्रुव सरपंच सिर्रीपठारीमुडा, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, मुबारक अली, समाज शिक्षा संगठक मानसिंह बरिहा, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी लखनलाल साहू सहित ग्राम पंचायत घुचापालीकला, हरनादादर और बागबाहराकला के सचिवगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट