महासमुन्द
नपा अध्यक्ष ने राशि जारी करने नगरीय प्रशासन मंत्री साव से किया था निवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 सितंबर। नगर के 3 स्थानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शीघ्र स्थापित किए जाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के प्रयास से एसटीपी स्थापित करने 12.67 करोड़ की स्वीकृति मिली है। इस प्लांट की महत्ता तथा शहर की आवश्यकताओं की ओर श्री साहू ने नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का ध्यान आकृष्ट कराया था। उन्होंने इसके लिए राशि जारी करने का निवेदन मंत्री से की थी।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के सतत प्रयास एवं परिषद के सहयोग से नगरवासियों के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। नगर सीमा के अंतर्गत कुल 12 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से तीन एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किए जाने की स्वीकृति मिली है। इन एसटीपी प्लांटों का निर्माण क्रमश: खरोरा रोड, बंधवा तालाब एवं परसकोल रोड स्थित शासकीय भूमि पर किया जाएगा। इस परियोजना से नगर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा अपशिष्ट जल प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी और नगरवासियों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा। शहर से निकलने वाले गंदे पानी का प्रबंधन कर शहर वासियों के निस्तारी के लिए उपयोग होगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए नगरपालिका अध्यक्ष श्री साहू ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। अध्यक्ष श्री साहू ने कहा, नगर का विकास करना हमारी प्राथमिकता है, लेकिन इसके साथ ही पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है, इसलिए नगर विकास की योजनाएँ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बनाई जा रही हैं।
एसटीपी प्लांट से नगरवासियों को लाभ
नालों से निकलने वाले गंदे पानी को यह प्लांट साफ करके पर्यावरण अनुकूल बनाएगा। तालाबों और नालियों में प्रदूषण कम होगा। दूषित जल से फैलने वाली बीमारियों पर रोक लगेगी, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा बढ़ेगी। उपचारित जल का उपयोग पार्कों, बागवानी और सिंचाई कार्यों में किया जा सकेगा। स्वच्छ और हरित वातावरण से नगर की सुंदरता एवं छवि में सुधार होगा।