महासमुन्द

साल भर पहले घोड़ारी में मिली लाश की गुत्थी सुलझी
27-Sep-2025 3:15 PM
साल भर पहले घोड़ारी में मिली लाश की गुत्थी सुलझी

 शिनाख्त नहीं होने पर लावारिस मान दफना दिया गया था,  कब्र खोदकर शव

परिजनों को सौंपा गया 

पत्नी ने प्रेमी-परिवार संग मिलकर की थी पति की हत्या, सभी 5 जेल दाखिल

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 सितंबर। लगभग साल भर पूर्व घोड़ारी में हुई युवक की हत्या की गुत्थी आखिरकार कोतवाली महासमुंद पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की परिणति निकली। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हत्या के इस प्रकरण में एक साल बाद मृत युवक की पहचान गीतांजली नगर निवासी आकाश सिंह के रूप में हुई। आकाश का शव 29 सितंबर 2024 को घोड़ारी के तालाब में तैरता हुआ मिला था। घटना दिनांक को पुलिस को शव की शिनाख्ति में सफलता नहीं मिली थी और शव को लावारिस मानकर दफना दिया था।

इस बारे में पुलिस का कहना है कि आकाश के परिजनों ने 3 माह बाद उसकी गुमसूदगी की रिपोर्ट 5 जनवरी 2025 को खम्हारडीह थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले में तस्दीक के दौरान कोतवाली पुलिस ने शव की पहचान के लिए राज्य का क्राइम डेटा एनालिसिस किया। इस दौरान आकाश के हुलिए से मिलता हुआ मामला रायपुर के खम्हारडीह से सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए रायपुर पुलिस से संपर्क कर मामले की छानबीन शुरू की।  इस दौरान पता चला कि आकाश का लवली सिंग नामक युवती से प्रेम प्रसंग था और अक्टूबर 2024 में उसके साथ जाकर कहीं रहने लगा था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर मामले को खंगालना शुरू किया। लवली की पतासाजी और आकाश के कॉल डिटेल्स के दौरान लवली को रायपुर पिरदा में अपने घर में ही पाया गया। जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया।  लवली ने पुलिस को बताया कि उसके पुरुष मित्र, पिता और भाइयों ने मिलकर आकाश की हत्या की है। उसने अपने प्रेमी और परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पति को मार डाला। एक साल पहले हुई हत्या के मामले में महासमुंद पुलिस ने शुक्रवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में डीएनए टेस्ट के लिए शव को 24 सितंबर 2025 को कब्र से निकाला गया। फिर परिजनों को सौंपा गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

 पुलिस का इस मामले में कहना है कि लवली सिंह और आकाश सिंह ने अपने परिजनों को बगैर बताए शादी की थी, जिससे युवती के परिजन नाराज थे। लवली का आकाश के साथ रहने से पहले एक और बॉयफ्रें ड था। उनका नाम अभिनव सिंह था। उसका एक्स बॉयफ्रेंड अभिनव सिंह ही युवती के घर का खर्च उठाता था। आकाश को लेकर वहां कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था।

पुलिस के अनुसार घटना दिनांक 25 सितंबर 2024 को युवती के परिजनों और एक्स बॉयफ्रेंड ने लवली और आकाश को घर बुलाया। विवाद के बाद उन्होंने आकाश की हत्या कर दी और शव को महासमुंद के तालाब में फेंक दिया। इसके बाद 29 सितंबर 2024 को घोड़ारी स्थित एक तालाब में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवक के सिर पर किसी ठोस वस्तु से चोट के निशान पाए गए थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लेकिन पहचान नहीं होने के कारण शव को दफना दिया गया था। जांच जारी थी कि सिटी कोतवाली पुलिस को रायपुर के खम्हारडीह में 5 जनवरी 2025 को दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट का पता चला। राज्य स्तरीय क्राइम डेटा एनालिसिस से शव का हुलिया गुमशुदा आकाश से मिलता-जुलता पाया गया। रायपुर पुलिस के समन्वय से 24 सितंबर 2025 को कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला और डीएनए टेस्ट और पहचान के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

पुलिस की छानबीन में सामने आया कि मृतक आकाश ने लवली सिंह से लव मैरिज की थी। लवली पहले से ही अभिनव सिंह के साथ 5 साल से लिव.इन रिलेशनशिप में थी। आकाश और अभिनव दोस्त थे। अत: आकाश और लवली की नजदीकियां बढ़ीं तो दाोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद भी लवली के घर का खर्च उसका बॉयफ्रेंड उठाता था। हालांकि लवली के परिजन और अभिनव इस रिश्ते के खिलाफ  थे। 25 सितंबर 2024 को लवली के पिता ने दोनों को अभिनव के घर बुलाया। वहां पर विवाद हुआ और लवली के पिता अभिनव और भाई गौरव, वीरू ने आकाश को पीट-पीटकर मार डाला।

हत्या के बाद शव को स्कूटी पर लादकर घोड़ारी तालाब घोड़ारी तालाब में फेंक दिया। इसके बाद लवली ने आकाश का सामान समेटा और पिता, भाइयों के साथ यूपी के जालौन चली गई। वह सोशल मीडिया पर आकाश के साथ तस्वीरें डालती रही ताकि किसी को शक न हो। लेकिन अब महासमुंद पुलिस ने लवली सिंह, अभिनव सिंह, अभिलाख सिंह, गौरव और वीरू को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को रायपुर के विधायक कॉलोनी, पिरदा, लाभांडी से गिरफ्तार किया गया है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ  हत्या की धारा 103 ए, साक्ष्य छिपाने धारा 238 और 61-2 के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट