महासमुन्द
बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग की स्वीकृति की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 26 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व संसदीय सचिव एवं वर्तमान खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारिकाधीश यादव ने क्षेत्र के महत्वपूर्ण बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखा है।
विधायक यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस मार्ग का चौड़ीकरण, मजबूती करण एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य के लिए 3300 लाख रुपए का बजट स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है। इसी कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग के अधूरे रहने से क्षेत्र के ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ की जर्जर स्थिति के चलते आवागमन बाधित है और लोगों में जन आक्रोश भी बढ़ रहा है।
इसी पृष्ठभूमि में विधायक ने वित्त मंत्री से निवेदन किया है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की प्रशासकीय स्वीकृति शीघ्र जारी करने हेतु समुचित दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ होकर क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिल सके। वहीं चर्चा के दौरान विधायक श्री यादव नेउक्त कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति नहीं होने पर दशहरा के पश्चात ग्रामीणों के साथ मिलकर उक्त मार्ग के लिए आंदोलन की बात कही है ।