महासमुन्द

खांड़ादरहा स्कूल में कमरे की छत का स्लैब टूटकर गिरा, ग्रामीणों ने तालाबंदी कर किया प्रदर्शन
25-Sep-2025 2:55 PM
खांड़ादरहा स्कूल में कमरे की छत का स्लैब टूटकर गिरा, ग्रामीणों ने तालाबंदी कर किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,25सितंबर। बागबाहरा ब्लॉक के खांड़ादरहा प्राथमिक विद्यालय में सोमवार रात बड़ा हादसा टल गया। कक्षा चौथी के कमरे की छत का स्लैब अचानक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि यह घटना रात के समय हुई। अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। करीब 35 साल पुराना यह भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। वर्तमान में इस स्कूल में कक्षा पहली से पांचवी तक 32 बच्चे अध्ययनरत हैं।

 

घटना की जानकारी लगते ही मंगलवार सुबह पालक और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने स्कूल परिसर में तालाबंदी कर दो घंटे तक प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ  नारेबाजी की। उनका कहना था कि बच्चों की पढ़ाई लगातार खतरे में है, लेकिन शिक्षा विभाग लापरवाह बना हुआ है। घटना की सूचना पर बीईओ कौशल वर्मा, एडीईओ और संकुल प्रभारी कौशल चन्द्राकर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नया भवन बनाए जाने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नया भवन स्वीकृत कर निर्माण कराया जाएगा। तब जाकर ग्रामीणों ने तालाबंदी खत्म की। फिलहाल बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में कराई जाएगी। बागबाहरा बीईओ कौशल कुमार वर्मा ने बताया कि नया भवन बनाने के लिए प्राकलन तैयार कर लिया लिया गया है। स्कूल के सामने खाली मैदान में नया भवन बनाया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक साल से नया भवन बनाने की मांग की जा रही है लेकिन विभाग ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया। सरपंच हरीश जगत ने बताया कि इस भवन को डिस्मेंटल करने की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पहले ही दी जा चुकी है।


अन्य पोस्ट