महासमुन्द

अवैध शराब बंद करवाने लक्ष्मीपुर की महिलाएं लामबंद, टीआई ने विक्रेताओं के नाम ग्रामीणों से मांगे
23-Sep-2025 7:17 PM
अवैध शराब बंद करवाने लक्ष्मीपुर की महिलाएं लामबंद, टीआई ने विक्रेताओं के नाम ग्रामीणों से मांगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 23 सितंबर। समीप के  ग्राम लक्ष्मीपुर की महिलाओं ने सोमवार को गांव में अवैध शराब बिक्री को रोकने ग्राम सभा की बैठक के प्रस्ताव के साथ स्थानीय पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी द्वारा अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के नाम मांगे हैं, जबकि शराब रोकने ग्राम लक्ष्मीपुर की कोई सैकड़ा भर महिलाएं स्थानीय पुलिस थाना पहुंची थीं। सरपंच अंजू सत्यनारायण पटेल ने बताया कि उनके ग्राम लक्ष्मीपुर में अवैध शराब बिक्री से किशोर उम्र के बच्चे भी अब नशेड़ी बन रहे हंै। ग्रामीणों के घरों में शांति स्थापित करने के लिए शराब पर रोक आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीणों की सहमति से पंचायत द्वारा ग्राम सभा आयोजित कर अवैध शराब पर प्रतिबंध का प्रताव पारित किया है।

सरपंच के अनुसार अवैध शराब विक्रेताओ को पुलिस का भय भी नहीं है, लिहाजा वे बेख़ौफ़ महुआ की शराब बेच रहे हैं। पूरे प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलने वाला ऑपरेशन भी पिथौरा में ठंडा है। लिहाजा ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर अवैध शराब विक्रेताओं को अभी चेतावनी दी है, इसके बाद ग्राम की महिलाएं सीधी कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द करेंगी।

दूसरी ओर स्थानीय थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि यहां बहुत काम है आप लोग नाम बताओ, हम छापा मारेंगे।


अन्य पोस्ट