महासमुन्द
कम वेतन के कारण अब प्लेसमेंट कैंप में उनकी रुचि घटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 23 सितंबर। महासमुंद जिले में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला रोजगार कार्यालय के आंकड़े बताते हैं कि वर्तमान में 65 हजार 637 युवा पंजीकृत बेरोजगार हैं। युवाओं को मनचाहा रोजगार न मिलने और निजी कंपनियों द्वारा अपेक्षाकृत कम वेतन दिए जाने के कारण अब प्लेसमेंट कैंप में उनकी रुचि घटती जा रही है। आलम यह है कि बीते चार साल में 30 से ज्यादा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया, लेकिन इनमें से महज 115 युवाओं को ही रोजगार मिल पाया।
जिले में युवाओं की बेरोजगारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले चार सालों में 59 हजार 543 युवाओं ने जिला रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराया। लेकिन नौकरी मिलने की दर बेहद कम रही। हर तीन महीने में रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से निजी कंपनियों के लिए प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाते हैं। कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करती हैं। लेकिन स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर न होने और वेतन कम होने के कारण अधिकतर युवा नौकरी ज्वाइन करने से परहेज कर रहे हैं।
जिला रोजगार अधिकारी एओ लॉरी का कहना है कि हर तीन महीने में नियमित रूप से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होता है, लेकिन अधिकतर रोजगार दूसरे जिलों में मिलते हैं। वहां वेतन 8 से 13 हजार रुपए तक रहता है। बाहर रहने का खर्च अधिक होने से युवा नौकरी ज्वाइन करने से बचते हैं। यही कारण है अब प्लेसमेंट कैंप में कम संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। निजी कंपनियों के प्रतिनिधि प्लेसमेंट कैंप में तो पहुंचते हैं। लेकिन युवाओं की संख्या लगातार घट रही है। वेतन कम होने और काम जिले से बाहर मिलने के कारण अब युवा इंटरव्यू देने भी नहीं आ रहे। यही वजह है कि कई बार पूरा दिन कंपनियों के प्रतिनिधि खाली बैठे रहते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी एओ लॉरी के अनुसारए चार सालों में कुल 30 प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में 5347 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसमें से 2849 युवाओं ने आवेदन किया। लेकिन केवल 115 युवाओं का चयन हो पाया। इनमें अधिकांश ने कुछ समय बाद नौकरी छोड़ दी। निजी कंपनियां युवाओं से 8 से 12 घंटे काम लेती हैं। लेकिन वेतन महज 8 से 10 हजार रुपए प्रतिमाह देती हैं। बाहर रहने पर भोजन, मकान किराया और अन्य खर्च मिलाकर आठ हजार से अधिक खर्च आ जाता है। ऐसे में युवाओं के पास बचत नहीं हो पाती। यही वजह है कि चयनित होने के बावजूद वे नौकरी छोडक़र वापस लौट आते हैं। पुनीत गुप्ता ने बीएससी की पढ़ाई की है। वे बताते हैं कि सुपरवाइजर पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन 12 हजार वेतन में गुजारा मुश्किल था। बाहर रहने का खर्च ही 8 हजार से अधिक हो रहा था। इसी तरह अवधेश चंद्राकर ने एमए तक पढ़ाई की है। उन्होंने बताया योग्यता के अनुरूप काम ही नहीं मिल पाया।
हालांकि युवाओं को सुविधा देने के लिए विभाग ने नई व्यवस्था भी शुरू की है। अब रोजगार कार्यालय में कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं है। विभाग के मोबाइल एप के माध्यम से युवा घर बैठे ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इससे समय और आवागमन का खर्च दोनों बचेंगे।