महासमुन्द

देवी मंदिरों में अभिजीत मुहूर्त में जले मनोकामना जोत
23-Sep-2025 2:45 PM
देवी मंदिरों में अभिजीत मुहूर्त  में जले मनोकामना जोत

पंडालों में विराजित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 23 सितंबर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को शहर सहित अंचल भर की शक्तिपीठों में अभिजीत मुहूर्त में घटस्थापना कर अखंड ज्योत प्रज्जवलित की गई तथा पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं को वेद मंत्रोच्चार के बीच स्थापित किया गया।

नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया मंदिर, खल्लारी मंंदिर तथा घूंचापाली की चंडी देवी मंदिर में अभिजीत मुहूर्त 11.36 से 12.24 बजे के मध्य चकमक पत्थर से उत्पन्न अग्नि से मुख्य ज्योत जलाई गई। बाद देर शाम तक मनोकामना अखंड ज्योति को श्रद्धालुओं द्वारा जलाने का सिलसिला चलता रहा।

महासमुंद स्थित महामाया मंदिर में शाम 6.45 बजे अन्य ज्योति कलश को प्रज्जवलित करना शुरू किया गया। यहां मुख्य ज्योत जलाने के बाद इसी ज्योत की अग्नि से शहर के अनेक मंदिरों व पंडालों की ज्योत भी जलाई गई। मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह भगवान श्री गणेश,लक्ष्मी, सरस्वती तथा महाकाली के साथ हनुमान तथा भैरव की पूजा की गई। बाद 9 देवियों में प्रथम स्वरूप शैलपुत्री का आवाहन कर उत्सव की शुरूआत की गई। महामाया मंदिर अलावा नगर की शीतला माता, रामेश्वरी मंदिर, बरोंडा चौक दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड के पास खल्लारी मंदिर,सतबहानिया मंदिर में भी ज्योत-जवांरा स्थापित किए गये हैं। इसके अलावा कई घरों में भी जंवारा बोया गया है।       

इस बार शहर के अनेक मोहल्लों में प्रथम बार प्रतिमाएं विराजित की गई है। ऐसे में अब पंडालों की संख्या इस बार बढ़ गई है। कई घरों में छोटी प्रतिमाएं विराजित हैं। नवरात्र पर शहर सहित अंचल भर में देवी जागरण, गरबा, जसगीतों से अंचल का माहौल भक्तिपूर्ण है। साथ ही हाई स्कूल, सिटी स्पोट्र्स क्लब, गुजराती समाज, बीटीआई मार्ग सहित कुल स्थानों पर गरबा की तैयारी है।


अन्य पोस्ट