महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द,22सितंबर। शासकीय हाईस्कूल मोहगांव के प्राचार्य जगदीश कुमार की निजी कार स्कूली छात्रों से धुलवाने के वीडियो वायरल होने के बाद बीईओ ने जांच रिपोर्ट डीईओ महासमुन्द को भेज दी है, वहीं बीआरसीसी पिथौरा ने मोहगांव संकुल समन्वयक अन्जय कश्यप को नोटिस जारी कर जबाब मांगा है। जबाब प्राप्ति के बाद बीआरसीसी पिथौरा ने भी रिपोर्ट जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा को सौंपी है। इस मामले की प्रतिलिपि कलेक्टर महासमुन्द एवं जिला शिक्षा अधिकारी महासमुन्द को देकर अवगत कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संकुल समन्वयक अन्जय कश्यप ने कारण बताओ नोटिस जारी करने पर बीईओ कार्यालय पिथौरा में प्रस्तुत किया है, जबकि इन्हें बीआरसीसी कार्यालय में सौंपना था। कश्यप ने बयान दिया है कि उसे इस पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। बल्कि बीआरसीसी कार्यालय से नोटिस मिलने के बाद इसकी जानकारी हुई है। स्कूल के शिक्षकों के समक्ष प्राचार्य जगदीश कुमार ने स्वीकार किया है कि ये कार उनकी है। लेकिन उन्होंने बच्चों को निजी कार धोने के लिए नहीं बोला है। अब सवाल उठ रहा है कि इस निजी कार को धोने पर किसी ने भी रोका क्यों नहीं?