महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 सितंबर। सरायपाली अंचाल में अवैध शराब, गांजा जैसे नशे के कारोबारों पर पुलिस की सख्ती शुरू हो गई है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कल अवैध रूप से बिक्री के लिए गांजा रखने वाले तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सरायपाली थाने से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि ताज नगर झिलमिला में एक व्यक्ति अपने घर में अधिक मात्रा में गांजा रखा है और बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर जहां एक व्यक्ति उपस्थित मिला। नाम पता पूछने पर उसे अपना नाम मोहसिन खान उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 07 ताज नगर झिलमिला सरायपाली बताया। संदेही के मकान की तलाशी लेने पर उसके बेड रूम में रखे एक लाल रंग की प्लास्टिक बाल्टी में एक भूरा रंग के पॉलीथीन में 362 ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति दर्राभांठा मोड़ के पास अवैध रूप से झोला में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम वहां पहुंची। उक्त व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। उसने अपना नाम महादेव भोई उम्र
34 वर्ष निवासी ग्राम बोंदा बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखे एक सफेद प्लास्टिक झोले की तलाशी ली। जिसके अंदर एक प्लास्टिक डिब्बा के अंदर भरी हुई एक झिल्ली में 152 ग्राम मनोत्तेजक मादक पदार्थ गांजा, बिक्री के 230 रुपए नगद, 1 नग मिट्टी का चीलम और एक नग सफेद रंग का छोटा इलेक्ट्रानिक तौल मशीन पाया। पुलिस ने उक्त सभी सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में मुखबिर से सूचना मिला कि एक व्यक्ति ओडिशा की ओर से घंटेश्वरी मंदिर सरायपाली की ओर अवैध रूप से गांजा रखकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम वहां पहुंची जहां कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताये हुलिये का एक व्यक्ति दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम दशरथ निर्मलकर उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम रोहिना थाना सरायपाली बताया। उसने बताया कि ओडि़शा के एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस ने उसके पास से 998 ग्राम गांजा जब्त कर गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 20 ख नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।