महासमुन्द
लंबे समय से पेट में भारीपन और दर्द से पीडि़त थीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 सितंबर। शासकीय मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय महासमुंद ने चिकित्सा जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को यहां के डॉक्टरों की टीम ने 60 वर्षीय महिला का सफल ऑपरेशन कर उसके पेट से 3 किलो का ट्यूमर निकाला। इससे पहले भी चिकित्सकों की टीम तीन मरीजों का ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल कर चुकी है।
टीम का मानना है कि यह जिला अस्पताल की बड़ी उपलब्धि है। इससे यह संदेश भी मिलता है कि सरकार के स्थापित मेडिकल कॉलेज और अस्पताल केवल भवन या औपचारिकता नहीं हैं। बल्कि ये आमजन के जीवन को बचाने व बेहतर भविष्य देने का मजबूत आधार हैं। मरीज लंबे समय से पेट में भारीपन और दर्द की समस्या लेकर हमारे पास आई थी। तब उनकी हालत काफी नाजुक थी। करीब डेढ़ महीने तक हमारे ऑब्जर्वेशन में रही। जांच के दौरान सामने आया कि उसके गर्भाशय में बड़ा मांस है।
डॉक्टरों के मुताबिक उक्त महिला को पहले से हृदय संबंधी ट्राइकसपिड रिगर्जिटेशन और मिट्रल रिगर्जिटेशन जैसी गंभीर बीमारियां भी थीं। इन परिस्थितियों में हिस्टेरेक्टॉमी जैसी बड़ी सर्जरी करना किसी भी डॉक्टर के लिए बेहद जोखिम भरा था। फिर भी हमने तय किया कि हम हिम्मत दिखाएंगे। टीम के सभी साथियों से चर्चा की और पूरी तैयारी के साथ ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
बताया कि सर्जरी के दौरान हर पल सावधानी रखनी पड़ी। हमारी टीम में डॉ.प्रतिमा कोशवारा, डॉ. महेंद्र धुआरे, डॉ. जूली, ओटी सिस्टर पूजा और तृप्ति लगातार सहयोग करती रहीं। वहीं एनेस्थेसिया टीम से डॉ.चंद्रपाल भगत और डॉ.विवेक ने पूरे धैर्य और कौशल से साथ दिया। आखिरकार हम सफल हुए। गर्भाशय से ट्यूमर निकालने के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और अब वह स्वस्थ होकर घर लौटने की स्थिति में है। यह हमारे लिए सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि मरीज को नई जिंदगी देने जैसा अनुभव था।
प्रसूति व स्त्री रोग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा ठाकुर ने बताया कि अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने भी टीम की सराहना की और कहा कि यही ऑपरेशन किसी निजी अस्पताल में किया जाता तो इसकी लागत कई लाख रुपए होती। लेकिन शासकीय मेडिकल कॉलेज यानी जिला अस्पताल में यह पूरी तरह निशुल्क हुआ। यह केवल मरीज और उनके परिवार के लिए ही नहींए बल्कि उन सभी गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों के लिए भी उम्मीद की किरण हैए जो महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा सकते। मरीजों का भी विशेष ध्यान रखा जाता है।