महासमुन्द

शिक्षक शराब के नशे में लडख़ड़ाते स्कूल पहुंचा और कुर्सी पर बैठते ही सो गया
19-Sep-2025 4:49 PM
 शिक्षक शराब के नशे में लडख़ड़ाते स्कूल पहुंचा और कुर्सी पर बैठते ही सो गया

ग्रामीणों ने स्कूल में आकर वीडियो बना लिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19सितंबर। जिले के ग्राम पंचायत मानपुर स्थित शासकीय मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक नशे में धुत होकर लडख़ड़ाते हुए स्कूल पहुंचा और आते ही कुर्सी पर बैठकर सो गया। शिक्षक थानेश्वर इस स्कूल में अंग्रेजी और गणित विषय का टीचर है।                                       उक्त शिक्षक का एक लेटर भी वायरल हुआ है, जिसमें उसने लिखा है कि मैं शराब पीकर स्कूल नहीं आऊंगा। यह लेटर उन्होंने तब लिखा था, जब एक बार इसी तरह नशे में स्कूल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें समझाईश दी थी। लेकिन शिक्षक ने अपना रवैया नहीं बदला और बीते 10 सितंबर को वह लडख़ड़ाते हुए स्कूल पहुंचा और कक्षा की कुर्सी में जाकर बैठते ही सो गया। तभी आठवीं के एक छात्र ने शिक्षक का सोते हुए हालत में वीडियो बना लिया और पालकों तक पहुंचा दी। पालकों ने शिक्षक के कई फोटो और वीडियो सोशल ग्रुप में जारी किया।

पालकों का कहना है कि शिक्षक को कई बार शराब पीकर स्कूल आने से मना किया गया है। इसके बावजूद वह नशे में स्कूल पहुंचा जाता है। यह भी रौब जताता है कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। क्योंकि उन्होंने ऊपर के अधिकारियों को पटा रखा है। पालकों की मानें तो शिक्षक के व्यवहार से अधिकांश बच्चे डरते हैं। कई बच्चे तो क्लास अटेंड करने आते ही नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त शिक्षक स्कूल के प्रधान पाठक कक्ष में तक टेबल में सिर रखकर सोते रहते हैं। नशेकी हालत में कभी बच्चों को चिल्लाते हैं, तो कभी डांट लगाते हैं। इसके अंग्रेजी और गणित की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

इस मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा ने कहा कि पिछली बार भी शिकायत मिली थी। स्पष्टीकरण जारी कर वेतन रोका गया था। मीडिया के जरिए अभी का मामला संज्ञान में आया है। शिक्षक की मेडिकल टेस्ट कराई जाएंगी और शासन के गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट