महासमुन्द

अधीक्षिका पर छात्राओं से मालिश कराने-अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप, डीईओ से शिकायत
19-Sep-2025 4:09 PM
अधीक्षिका पर छात्राओं से मालिश कराने-अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप, डीईओ से शिकायत

 प्राथमिक आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 सितंबर। महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक अंतर्गत खोकसा स्थित प्राथमिक आदिवासी कन्या आश्रम से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आश्रम में निवासरत छात्राओं ने अधीक्षिका गीता पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल अधीक्षिका न सिर्फ  उनसे घरेलू काम कराती है, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त भी करती है। बच्चियों के परिजन इसके विरोध में खड़े हो गए हैं और उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ से लिखित शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक 50 सीटों वाले इस आश्रम में वर्तमान में प्राइमरी स्तर की 30-35 छात्राएं निवासरत हैं। आश्रम में गड़बड़ी का मामला गुरुवार को सामने आया। छात्राओं का आरोप है कि छुट्टियों के बाद जब वे घर से आश्रम लौटती हैं तो अधीक्षिका उन्हें तरह-तरह की सजा देती है। कभी अपने शरीर की मालिश करवाती हैं, तो कभी कपड़े धुलवाती हैं। इतना ही नहीं रात 11 से 12 बजे तक जबरन जगाकर मालिश कराती है और आश्रम में लाइट बंद होने की स्थिति में पंखा झलवाती है। ठीक से पंखा नहीं करने पर बच्चियों को डांटा और पीटा जाता है।

डीईओ से शिकायत में परिजनों ने बताया है कि कुछ दिन पहले अधीक्षिका की मारपीट से दो बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई थी। एक बच्ची को तेज बुखार आ गया,दूसरी को कान में गंभीर दर्द की शिकायत हुई। इस पर भी अधीक्षिका ने ध्यान नहीं दिया।

 इस बारे में डीईओ विजय लहरे ने बताया कि आश्रम में लापरवाही की शिकायत मिली है। लेकिन वह शिक्षा विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडि़त पक्ष से प्राप्त आवेदन को आदिम जाति कल्याण विभाग को अग्रेषित किया गया है।

वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय से चर्चा का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

इसी तरह आश्रम अधीक्षिका गीता पटेल ने सवाल पूछते ही फोन काट दिया। दोबारा प्रयास करने पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

अब परिजनों और बच्चियों ने आश्रम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यहां ढंग का खाना तक नहीं मिलता। अक्सर दूषित और गंदी सब्जियों परोसी जाती हैं। खाने के लिए दिया जाने वाला चावल भी गंदा और कई बार उसमें चूहों का मल मिला होता है। आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कराकर अधीक्षिका अच्छा चावल अपने घर ले जाती है। परिजनों के मुताबिक छात्राओं ने यह भी खुलासा किया है कि अधीक्षिका उन्हें मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाती है और उन पर अभद्र टिप्पणी करती हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चियां भय के कारण चुप थीं। लेकिन अब मामला खुलकर सामने आया है।

परिजन कुमारी चौहान, हेमबाई और तुलाराम जगत ने अधीक्षिका पर कार्रवाई की मांग करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन दिया है। उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर जल्द आश्रम की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वे अपने बच्चों को वापस घर ले जाएंगे। बताया कि बच्चियां टूटी खाट पर सोने को मजबूर हैं। छात्रावास में मच्छरों का प्रकोप है और वहां बच्चों को मच्छरदानी ओढऩे नहीं दी जाती। ओडऩे-बिछाने के कपड़ों की भी सुविधा नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए आवेदन में परिजनों ने अधीक्षिका के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कहा है कि अगर जल्द ही आश्रम की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वे अपने बच्चों को वापस घर ले जाएंगे।


अन्य पोस्ट