महासमुन्द

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरु, तीन प्रमुख दावेदार सामने आए
18-Sep-2025 6:45 PM
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरु, तीन प्रमुख दावेदार सामने आए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 18 सितंबर। कांग्रेस में संगठन चुनाव की हलचल तेज हो गयी है। पिथौरा के अध्यक्ष हेतु बनाये गए पर्यवेक्षक अजय साहू द्वारा बसना में बैठक लिए जाने से दावेदारों हौसले पस्त होने लगे हंै। लिहाजा दावेदारों की संख्या कम होती नजर आ रही है। पिथौरा ब्लॉक से तीन प्रमुख दावेदार विकास शर्मा, जितेंद्र सिन्हा, करण सिंह दीवान सामने आए हैं।

कांग्रेस में भी अब भाजपा की तर्ज पर संगठन सृजन के तहत सभी ब्लॉक में अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। जिले के पिथौरा ब्लॉक के लिए पीसीसी प्रदेश संगठन मंत्री अजय साहू, सांकरा के लिए प्रदेश से प्रवीण साहू एवं बसना के लिये कांग्रेस नेत्री सीमा वर्मा को संगठन चुनाव कर पदाधिकारी चुनने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परन्तु मंगलवार को पिथौरा प्रभारी अजय साहू द्वारा बसना में बैठक रखी गयी थी जो कि अब चर्चा का विषय बन गया है।ो

सूत्रों के अनुसार पिथौरा प्रभारी द्वारा बसना में बैठक लेने की सूचना के बाद नगर के एक नेता ने श्री साहू से बात कर उन्हें एनएच-53 पर रोका और उन्हें अपने बॉयोडाटा के साथ अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इसके बाद वे सीधे बसना निकल गए। सूत्रों के अनुसार बसना में कांग्रेस के कार्यकर्ता की संख्या नगण्य थी जबकि इसमें पिथौरा सांकरा एवम बसना ब्लॉक के कार्यकर्ता भी शामिल थे। लिहाजा इस बैठक में किसी निर्णय तक पहुंचने की कोई खबर नहीं है।

पिथौरा ब्लॉक के लिए पिथौरा में जल्द होगी बैठक- साहू

दूसरी ओर पिथौरा ब्लॉक प्रभारी अजय साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए बताया कि बसना में विधानसभा स्तरीय बैठक रखी गयी थी, जिसमें बसना सांकरा और वे स्वयं शामिल थे। अब पिथौरा संगठन सृजन हेतु पिथौरा में ही शीघ्र बैठक रखी जाएगी।

पिथौरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद हेतु  कांग्रेस के युवा नेता विकास शर्मा ने अपनी दावेदारी पेश की है। ज्ञात हो कि विकास शर्मा पिथौरा नगर के वार्ड नम्बर 06 के निवासी हैं और वर्ष 2003 से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले शर्मा ने अब तक कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे एनएसयूआई शहर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष इंटक सचिव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिथौरा उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस पिथौरा उपाध्यक्ष तथा 2016 से 2022 तक जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष रहे। श्री शर्मा को खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव का करीबी माना जाता है।

संगठनात्मक क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ ही उनके परिवार ने भी राजनीति में अपनी छाप छोड़ी है। उनकी पत्नी अनामिका विकास शर्मा लगातार दो बार अलग-अलग वार्डों से पार्षद निर्वाचित हुई हैं।

इसके अलावा पूर्व जनपद सदस्य एवं कांग्रेस नेता जितेंद्र सिन्हा पूर्व  मंडी अध्यक्ष स्व. ओमप्रकाश विक्रम डड़सेना के भतीजे है एवं राजनीतिक दृष्टि से भी विगत पंचायत चुनाव में श्री सिन्हा की पत्नी भारी मतों से चुनाव जीत कर जनपद सदस्य बनी है। इसलिए इनकी दावेदारी भी प्रबल मानी जा रही है।

अध्यक्ष पद हेतु तीसरे सबसे सशक्त दावेदार वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष एवं लगातार तीन दशक से जनपद एवम जिला पंचायत सदस्य बनने वाले करण सिंह दीवान की दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही है। वर्तमान में इस परिवार से एक जिला पंचायत सदस्य एक जनपद सदस्य एवम एक सरपंच पद पर आसीन है लिहाजा क्षेत्र में इनकी पकड़ एवम लोकप्रियता स्वमेव साबित हो जाती है। लिहाजा इनका दावा नही मजबूत दिखाई देता है।

   बहरहाल,  काफी समय के बाद कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों के लिए हो रहे निर्वाचन में बड़े जनप्रतिनिधियों के नाम आने के बाद छोटे साधारण कार्यकर्ता अध्यक्ष बनने की मंशा होने के बावजूद अपने कदम पीछे खींच लिए है।


अन्य पोस्ट