महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18सितंबर। सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर को समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह द्वारा जिला चिकित्सालय खरोरा में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के सम्मान हेतु प्रमाणीकरण, नवीनीकरण, मूल्यांकन एवं चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात् उन्होंने सेवा पखवाड़ा 2025 स्टॉल का अवलोकन किया।
इस अवसर नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, बास्केटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं संयुक्त संचालक, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक बंसत माहेश्वरी मौजूद थे। अवलोकन के दौरान विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के अनुशंसा पर कुर्मीपारा निवासी अस्थिबाधित दिव्यांगजन अश्विनी कुमार चन्द्राकर को समाज कल्याण विभाग द्वारा मौके पर ही मोटराइज्ड ट्रायसायकल सौंपा गया। शिविर में कुल 52 हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें लाभान्वित करने हेतु चिन्हांकित किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की नोडल अधिकारी सुनिता तिर्की, शाखा प्रभारी ए पी द्विवेदी, जनपद पंचायत महासमुंद के समाज शिक्षा संगठक हेमराज सोनबेर सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।