महासमुन्द

देवपुर-तुरतुरिया मार्ग वन विभाग ने बंद किया
17-Sep-2025 6:26 PM
देवपुर-तुरतुरिया मार्ग वन विभाग ने बंद किया

मार्ग बंद करने का कारण विभागीय अफसर अलग-अलग बताते हैं...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 17 सितंबर। तुरतुरिया पहुंच मार्ग वन विभाग द्वारा देवपुर से ही बन्द कर दिया गया है। ज्ञात हो कि बलौदाबाजार जिले के तुरतुरिया को लव-कुश की जन्मस्थली माना जाता है, उक्त पर्यटन स्थल में वाल्मीकि आश्रम, बौद्ध विहार एवं रामसीता मंदिर के दर्शन कर संतान की कामना लेकर लगातार पर्यटक आते रहते हंै। परन्तु वर्तमान में नए डीएफओ के आने के बाद तुरतुरिया पहुंच मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। दूर-दूर से दर्शन के लिए आने वाले पर्यटकों को अब 20 किलोमीटर के स्थान पर 120 किलोमीटर का सफर तय कर तुरतुरिया पहुंचना पड़ रहा है। उक्त सम्बन्ध में डीएफओ एवं रेंजर ने सडक़ बन्द करने के अलग-अलग कारण बताए।

अभ्यारण्य क्षेत्र में नए जिला वन अधिकारी के आने के बाद नए नए प्रयोग प्रारम्भ कर दिए जाते हंै। कभी पर्यटकों को बार आने से रोकते है तो कभी तुरतुरिया के लिए रास्ता बंद कर देते है। विगत करीब  माह पूर्व वन विभाग द्वारा देवपुर जांच चौकी में एक फ्लैक्स लगाया गया, जिसमें तुरतुरिया मार्ग बंद होने की सूचना लिखी है। दूर क्षेत्र से तुरतुरिया दर्शन के लिए जाने निकले एक पर्यटक परिवार देवपुर से बगैर  दर्शन के ही वापस लौट गया। क्योंकि वह देवपुर कसडोल की जर्जर सडक़ से नहीं जाना चाहता था।

ग्रामीण सूत्र बताते हंै कि तुरतुरिया रामवन गमन पथ से भी जुड़ा है। महासमुंद जिला एवं ओडिशा, महाराष्ट्र, प. बंगाल की ओर से पर्यटन एवं लव-कुश जन्म स्थली के दर्शन करने काफी संख्या में पर्यटक इसी मार्ग से आते जाते हैं, परन्तु अब यह मार्ग बन्द होने से तुरतुरिया पर्यटन को खासा धक्का लगने की संभावना है।

ज्ञात हो कि पहले अभ्यारण्य को 15 जून को ही बन्द कर दिया गया, जबकि नियमत: 30 जून तक अभ्यारण्य खुला रहना चाहिए। इस निर्णय से पर्यटक रेस्टोरेंट जिप्सी संचालकों सहित उन सभी का नुकसान हुआ, जो पर्यटकों के भरोसे 30 जून तक अपनी रोजी रोटी चलाते हैं। इसके अलावा अब गांव के हाट बाजार में समान लेकर दुपहिया में आने जाने वालों से भी 30 रुपये का चालान शुल्क वसूला जा रहा है।

इस संबंध में बलौदाबाजार डीएफओ ने मीडिया को बताया कि शुल्क अभ्यारण्य से बाहर के लोगों से वसूला जा रहा है। ज्ञात हो कि 2 से 4 हजार तक के खाद्य या माता श्रृंगार सामग्री बेचने छोटे दुकानदार बार क्षेत्र के गांव में बेचने जाते हैं, उनसे यह शुल्क वसूला जा रहा है।

संदिग्धों के लिए शुल्क के नाम पर उन पर नजर रखना जरूरी

अभ्यारण्य अधीक्षक कृशानु चंद्राकर ने उक्त सम्बन्ध में बताया कि अभ्यारण्य के भीतर कुछ युवक तुरतुरिया जाने या किसी रिश्तेदार के नाम अंदर घुस रहे हंै और जंगल में स्टंट करते रील बना रहे हैं, जो कि अभ्यारण्य एवम वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है। लिहाजा सभी उन्हें समझाइश दी जा रही है यदि अभी भी नहीं माने तो उनके मोबाइल नम्बर एवं पते के आधार पर कार्रवाई की जा सकेगी।

अगले सप्ताह नवरात्र, नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु

ज्ञात हो कि अगले सप्ताह से ही 9 दिनों की नवरात्रि प्रारम्भ हो रही है। तुरतुरिया में मातागढ़ मंदिर का नवरात्रि में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं, इसके अलावा जंगल के अंदर ही एक गुफा में विराजित चांदा दाई मंदिर में भी कोई सैकड़ा भर ज्योत प्रज्ज्वलित की जाती है।यहां भी बरबसपुर की ओर से आने जाने के लिए रास्ता बंद कर दिया गया है जिससे ग्रामीण एवम माता भक्तों को निराश हो रही है।

रेंजर ने वन्यप्राणी सुरक्षा एवं डीएफओ ने हाथी मूवमेंट को कारण बताया

उक्त मामले में बलौदाबाजार वन मण्डल अधिकारी रणवीर धम्मशील ने मोबाइल पर ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि हाथियों के मूवमेंट के कारण अभी देवपुर तुरतुरिया मार्ग बंद करवाया गया है। दूसरी ओर देवपुर के रेंजर संतोष पैकरा ने वन्यप्राणियो की सुरक्षा के लिए मार्ग बंद कराने की बात कही है।

ज्ञात हो कि पिथौरा से कसडोल मार्ग पर पडऩे वाले देवगढ़ घाट के ऊपर हाथी का मूवमेंट सबसे खतरनाक माना जाता है क्योंकि घाट के ऊपर वाहन वापस करने की जगह नहीं है परन्तु इस घाट को बंद नहीं करवाकर तुरतुरिया मार्ग को बंद करवाना एक हिटलरी फरमान माना जा रहा है। क्योंकि वर्तमान सरकार स्वयं ही हिन्दू मन्दिरों की सुरक्षा को लेकर काफी गम्भीर है फिर भी वन अधिकारी अपने जनविरोधी आदेश कर श्रद्धालुओं की भावनाओ को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।


अन्य पोस्ट