महासमुन्द

मेरा राशन कार्ड ऐप: बीस दिन में त्रुटि सुधार के लिए 1886 आवेदन
17-Sep-2025 3:14 PM
 मेरा राशन कार्ड ऐप: बीस दिन में त्रुटि  सुधार के लिए 1886 आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17 सितंबर। अब राशन कार्ड में नाम जोडऩे, विलोपित करने सहित अन्य त्रुटि सुधार के लिए जनपद तथा पालिका के चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। बल्कि ऑनलाइन मेरा राशन कार्ड ऐप के माध्यम से लोग त्रुटि सुधार के लिये आवेदन कर सकेंगे। महज बीस दिनों में ही मेरा राशन कार्ड ऐप से 1886 आवेदन त्रुटि सुधार के लिए मिले हैं। इसमें सदस्य जोडऩे हेतु 152, सदस्य विलोपित करने 1380, सदस्य अद्यतन हेतु 75, राशन कार्ड सरेंडर हेतु 26, स्थानांतरण हेतु 11, मोबाइल नंबर बदलने हेतु 370 जैसे कुल 2014 अनुरोध प्राप्त हुए हैं।            

इस ऐप के माध्यम से लेनदेन का विवरण, निकटतम दुकान की जानकारी, आबंटन ट्रैकिंग, उचित मूल्य दुकान लोकेशन, डिजिटल कार्ड डाउनलोड करने की सुविधाएं भी हैं। इसकी मदद से आप अपने फ ोन को ही राशन कार्ड बना लेंगे। इस ऐप की मदद से कहीं से भी राशन ले पाने के अलावा सारा हिसाब भी इस ऐप पर कोई भी देख सकता है। राशनकार्ड धारक जान सकता है कि उसे हर बार कितना राशन दिया गया है। इसके अलावा जिस दुकान से राशन मिला है और जिन वितरक से मिला है, उसकी जानकारी भी ऐप पर मौजूद रहती है।

राशन कार्ड धारक को सिर्फ अपने आधार या राशन कार्ड नंबर की मदद में लॉगइन करते ही लेन-देन का सारा हिसाब दिख जाएगा। इससे राशन बांटने वाले भी गड़बड़ी नहीं कर सकते। इस ऐप की मदद से अगर आप अपने राशन कार्ड से जुड़ी कोई डिटेल अपडेट करना चाहते हैं, जैसे कि अगर आपका पता बदला है, तो आप उसे ऐप के जरिए अपडेट कर सकते हैं। राशन कार्ड से लिंक फोन नंबर को अपडेट कर सकते हैं। किसी नए सदस्य का नाम कार्ड में शामिल करना हो, तो वो भी कर सकते हैं।

ऐसे में इस ऐप के फोन में रहते आपको सरकारी दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं रह जाती। वहीं इससे नजदीकी राशन की दुकान की जानकारी भी ले सकते हैं। अगर आप अपने घर से दूर कहीं शिफ्ट हुए हैं, तो इस ऐप की मदद से नजदीकी राशन की दुकान का पता लगाना बहुत ही आसान हो जाता है।

अगर आपके फोन में यह ऐप रहता है, तो आपको राशन और राशन कार्ड से जुड़ी सारी जानकारी अपने फोन पर नोटिफिकेशन के रूप में मिल जाएगी। इस ऐप की मदद से आपको हर एक सूचना समय पर मिलती रहेगी। ऐसे में इस ऐप को आपके फोन में होना ही चाहिए। इससे आपका राशन प्राप्त करने का अनुभव थोड़ा बेहतर हो जाएगा। बल्कि आप राशन कार्ड से जुड़े कई काम भी आसानी से घर बैठे ही कर पाएंगे। राशन लेन-देन का पूरा हिसाब देख पाना और सदस्यों के नाम कार्ड में शामिल करने जैसे तमाम काम बहुत ही आसानी से कर पाएंगे। इस ऐप के फोन में होते आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


अन्य पोस्ट