महासमुन्द
एक जिले के बांध को दूसरे जिले के बांध से जोडऩे वाला प्रदेश का पहला प्रोजेक्ट
महासमुंद और बागबाहरा के खेतों को मिलेगा पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17सितंबर। सिकासेर जलाशय गरियाबंद का अतिरिक्त पानी महासमुंद और बागबाहरा तहसील के खेतों तक पहुंचाने के लिए बनी कोडार जलाशय नहर लिंक परियोजना की लागत लगभग 2500 करोड़ रुपए तक होगी। इसका डीपीआर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट मंजूरी के लिए हाल ही में शासन को भेजी गई है।
एक जलाशय को दूसरे जिले के जलाशय से जोडऩे वाली यह संभवत: छत्तीसगढ़ की पहली परियोजना है। इसका उद्देश्य सिकासेर जलाशय के अतिरिक्त पानी का उपयोग महासमुंद जिले के महासमुंद और बागबाहरा तहसील के खेतों की सिंचाई के लिए करना है। इस परियोजना के जरिये सिकासेर बांध का पानी शहीर वीर नारायण सिंह बांध कोडार में पहुंचाया जाएगा। जहां ंसे इसे नहरों के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा। महासमुंद और खासकर बागबाहरा तहसील क्षेत्र में कई बार कम बारिश के कारण फसल की स्थिति चिंताजनक हो जाती है। बागबाहरा तहसील क्षेत्र को तो कई बार अकाल का सामना करना पड़ा है।
इस वजह से भाजपा नेता हितेश चंद्राकर ने 2017 में शासन का ध्यान इस ओर दिलाया था तथा इस संबंध में लगातार प्रयास जारी रखा। बाद में भाजपा नेताओं ने भी इस पर फोकस किया और विधान सभा चुनाव के पूर्व इसे भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में शामिल करा लिया था।
एक जानकारी के मुताबिक इस परियोजना की लागत 25 सौ करोड़ रुपए बताई गई है। इसका डीपीआर स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ शासन को जल संसाधन विभाग की ओर से भेजा गया है। प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया होगी। इसे लेकर झलप क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। किसान नेता व जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत एसडीओ चंद्रशेखर सिंग ने बताया कि सिकासेर नहर परियोजना का निर्माण का सपना अब बहुत जल्द पूरा होने वाला है। उन्होंने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा प्राक्कलन करवाकर 25 सौ करोड़ की राशि स्वीकृति हेतु सचिव जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन रायपुर को भेजा गया है।
अत: कोडार जलाशय नहर लिंक परियोजना के निर्माण में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में जुड़ी होने के कारण सरकार व प्रशासन भी जल्द से जल्द इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जुटेगा। इस वजह से इसके अपने तय समय में पूरी होने की आस बंधेगी। झलप क्षेत्र के किसानों ने भी इस बहुप्रतीक्षित नहर के लिए सालों से शासन का ध्यान आकृष्ट कराया और कई मंचों के माध्यम से मांग रखी। आंदोलन किए। गांव गांव में बैठकें कर किसानों को जागरूक किया था।