महासमुन्द
ग्रामीण करेंगे 23 से उग्र आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 16 सितंबर। विकासखण्ड पिथौरा के अंतर्गत ग्राम किशनपुर के ग्रामीणों ने उपसरपंच चम्पेश्वर साहू पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान और कॉम्प्लेक्स निर्माण कर उसे निजी हित में किराए पर देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार उपसरपंच का रवैया पूरी तरह दबंगई और आपराधिक प्रवृत्ति से भरा हुआ है।
किशनपुर के ग्रामीणों ने पिथौरा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि किशनपुर के उपसरपंच चम्पेश्वर साहू ने स्कूल के सामने शासकीय भूमि परअवैध कब्जा कर मकान और कॉम्प्लेक्स बना लिया है। और उन्होंने किराये पर देकर आर्थिक लाभ कमाना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत राज अधिनियम के अनुसार कोई भी पंचायत पदाधिकारी यदि शासकीय भूमि पर कब्जा करता है, तो उसे पद से तत्काल पृथक किया जाना चाहिए। ग्रामीणों द्वारा दिये गए आवेदन के अनुसार चम्पेश्वर साहू की दबंगता से ग्रामीण अकेले उसके विरुद्ध कुछ बोल नहीं पाते हंै। गांव के लोग बताते हैं कि यदि कोई भी उनके खिलाफ आवाज उठाता है तो वह उसे फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी देने लगते है। जिसकी वजह से महिला सरपंच भी लगातार उससे प्रताडि़त हो रही है। इसके अलावा उपसरपंच द्वारा पंचायत सचिव से भी प्रत्येक कार्य में 5 फीसदी कमीशन की खुली मांग करते हैं, और न देने पर फंसाने की धमकी देते हंै।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 19 सितम्बर तक उपसरपंच को पद से पृथक कर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे 23 सितम्बर से उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आंदोलन से उत्पन्न स्थिति की सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञात हो कि उपसरपंच चम्पेश्वर साहू के समर्थकों ने भी कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि गांव में अशांति और अव्यवस्था फैलाने की असली कोशिश कुछ ग्रामीण कर रहे हैं। आवेदन में कहा गया है कि राजकुमार बरीहा, बलभद्र साहू और दिलकुमार मृधा स्वयं को ‘36 कुल समाज’ का अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव बताकर फर्जी तरीके से राजनीति कर रहे हैं।