महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 सितंबर। पिता की मौत के बाद मां और अन्य पुरुष की नजदीकियां बढ़ी और जब वह परिवार के सदस्य की तरह घर के फैसले लेने लगा था तो मां-बेटे को यह रिश्ता नागवार गुजरा और मां के साथ मिलकर उसकी जघन्य हत्या कर दी। हत्या के बाद उसकी लाश घर से महज दो सौ मीटर दूर बहने वाली कोडार नहर में बहा दी। यही वह कोडार नहर है और यही वह स्थान है जहां पंद्रह साल पहले आरोपी पुत्र के पिता के शरीर के टुुकड़े-टुकड़े कर बहाए गये थे। ...और उसकी आरोपी भी उसकी मां ही थीं। इस मामले में भी हत्या आरोपी महिला, कोडार नहर, हत्या का समय सब कुछ मिलते-जुलते हैं।
आरोपी महिला पर हत्या का पहला आरोप अगस्त 2010 में लगा था, जब 11 अगस्त की रात 8 से 10 बजे के बीच उसने अपने पति धनीराम की हत्या की थी। तब वह दो साल बाद अदालत से बरी हो गई थीं। इस बार 10 सितंबर 2025 को लोगों ने बेमचा-परसवानी मार्ग पर उसी नहर में लोगों ने युवक की शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
कल एक पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा तिवारी पांडे ने जो बताया, वह दिल दहलाने वाला था। उन्होंने बताया कि बेमचा-परसवानी नहर में मिली युवक की नग्न लाश की शिनाख्ति पिलेश्वर साहू निवासी ग्राम पचेड़ा खल्लारी की थी। मृतक शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जिन्हें छोडक़र पिछले पांच साला से वह बेमचा निवासी देवकी बघेल के साथ संबंध में था। देवकी के दो बेटे हैं, जो पिलेश्वर के साथ विभिन्न कंपनियों में गार्ड का काम करते हैं।
पिलेश्वर आरोपी के परिवार के सदस्य की तरह रहने लगा था और हर बात में अपना निर्णय सुनाने लगा था। घटना दिनांक को देवकी से संबंध बनाने तथा किसी निर्णय को लेकर उपजे विवाद ने विकराल रूप ले लिया और देवकी तथा उसके एक बेटे सुरेश ने पिलेश्वर का गुप्तांग काटा, देवकी ने गला रेता और उसके आंखों को पेचकस से फोड़ दी।
पिलेश्वर के मुंह में दोनों ने कपड़ा ठूंस दिया ताकि चिल्ला न सके। जब वह मर गया तो उसे नहर में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने बेटे सुरेश और मां देवकी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। उनके विरूद्ध धारा 103, 1, 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मृतक का धड़ पानी में तैरता मिला था।
आरोपी देवकी बघेल ने पुलिस को बताया कि मृतक आए दिन उसके घर आकर पारिवारिक मामले में हस्तक्षेप करने लगा था। 9 सितंबर की रात भी मृतक पिलेश्वर आरोपी के घर आकर शराब के नशे में विवाद करने लगा था। तब आरोपी देवकी एवं उसके पुत्र सुरेश ने पिलेश्वर को रस्सी से खाट में बांध दिया और घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से मृतक का गला रेत दिया। चिल्ला न सके इसलिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। देवकी ने घर में रखे पेचकस से मृतक की आंखों में वार कर उसकी दोनों आंखें ंभी फोड़ दी, चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया और बेटे ने गुप्तांग काट दी। देवकी के घर से लगभग दो सौ मीटर दूर कोडार नहर बहता है, वहां ले जाकर शव बहा दी।
महासमुन्द पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान एवं आरोपी की पतासाजी हेतु 3 विशेष टीमों का गठन किया था। सायबर सेल की टीम एवं थाना महासमुन्द पुलिस टीम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और जानकारी एकत्र करना शुरू किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि घटना स्थल के पास रहने वाली देवकी बघेल पूर्व में हत्या के मामले में जेल से रिहा हुई है। उक्त महिला के घर में पचेड़ा महासमुन्द निवासी पिलेश्वर साहू का आना जाना था।
पिलेश्वर साहू के संबंध में पतासाजी करने पर पता चला कि पिलेश्वर साहू रायपुर में प्राईवेट सुरक्षा गार्ड का काम करता है जो कि 8 सितंबर से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। उक्त जानकारी के आधार पर मृतक के परिजनों को बुलाया गया तो उन्होंने शव की पहचान पिलेश्वर साहू के रूप में पहचान किया। मृतक की पहचान सुनिश्चित करते पुरजनोंने बताया कि पिलेश्वर शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। लेकिन देवकी बघेल के साथ विगत 5 वर्ष से रहता था। अपनी पत्नी और बच्चों को छोड दिया था।
संकलित जानकारी के आधार पर संदेही देवकी बघेल से पूछताछ की गई तो देवकी ने अपने पुत्र सुरेश बघेल के साथ मिलकर मृतक पिलेश्वर साहू की हत्या 9सितम्बर को रात्रि में करना स्वीकार किया। देवकी बघेल का कहना था कि पिलेश्वर साहू आये दिन देवकी बघेल के घर आकर शराब पीकर वाद विवाद करता था एवं परिवारिक मामले में हस्तक्षेप करने लगा था। मृतक के आचरण के कारण देवकी बघेल एवं उसका बेटा सुरेश बघेल अत्यन्त परेशान हो गये थे।
9 सितंबर को रात्रि मृतक पिलेश्वर साहू आरोपी के घर में आकर वाद विवाद कर रहा था तभी आरोपी देवकी एवं सुरेश ने उसकी हत्याा कर दी। पुलिस ने मृतक की हत्या में प्रयुक्त 01 नग चाकू, रस्सी, पेचकस एवं आरोपियों के द्वारा घटना के दौरान पहना हुआ कपड़ा जिसमें मृतक का रक्त लगा हुआ है, को जब्त किया तथा दोनों को जेल भेज दिया है।