महासमुन्द

मवेशी तस्करी, एक और गिरफ्तार
15-Sep-2025 3:34 PM
मवेशी तस्करी, एक और गिरफ्तार

महासमुंद,15 सितंबर। पुलिस ने मवेशियों की तस्करी में  एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। ज्ञात हो कि बीते 9 सितम्बर को चौकी सोनाखान पुलिस द्वारा ग्राम नवागांव सोनाखान के पास एक माजदा वाहन समेत एक और वाहन को पकड़ा था। दोनों वाहनों से कुल 21 नग मवेशी भैंसा-भैंस बरामद किया था। दोनों वाहनों में ठूंस-ठूंस कर बिना पानी एवं चारा के पशुओं को भरा गया था। इस प्रकरण में अपराध धारा पशुओं के प्रति क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11-1 घ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4,6,10,11 पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया। साथ ही प्रकरण में 3 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था।  गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई। जिसमें पता चला कि मवेशियों को दोनों वाहनों में भरकर आरोपियों द्वारा ओडिशा ले जाया जा रहा था। प्रकरण में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशक में चौकी सोनाखान पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों का पता तलाश किया जा रहा था।

संपूर्ण घटनाक्रम में एक बात पता चली कि एक अन्य आरोपी द्वारा अपने ईको कार से मवेशी भरे दोनों वाहनों के आगे-आगे एक प्रकार से पायलेटिंग किया जा रहा था। प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ, परिस्थिति जन्य एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिवकुमार सागर को हिरासत में लिया गया। जिससे पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर मवेशियों को माजदा और 407 वाहन में भरकर ओडि़शा राज्य ले जाना स्वीकार किया।

 घटना में प्रयुक्त ईको कार को भी जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को कल विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।


अन्य पोस्ट