महासमुन्द

बगैर अनुमति मिश्रित-सागौन के पेड़ काटने पर तीन दर्जन ग्रामीण जेल दाखिल
14-Sep-2025 9:04 PM
बगैर अनुमति मिश्रित-सागौन के पेड़ काटने पर तीन दर्जन ग्रामीण जेल दाखिल

पहले भी छतालडबरा में 29 हे. में अतिक्रमण किया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 सितंबर। महासमुंद वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 176 में बिना अनुमति के मिश्रित व सागौन के पेड़ काटने पर तीन दर्जन ग्रामीणों को वन अमले ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया है। वन विकास निगम के अनुसार पूर्व में छतालडबरा के ग्रामीणों द्वारा 29 हेक्टेयर वन भूमि में अतिक्रमण किया गया था। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

इस बार भी अवैध कटाई से वन विकास निगम को डेढ़ लाख की क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार वन ग्राम छतालडबरा कसडोल जिला बलौदाबाजार में आता है और गांव में लगभग सौ परिवार हंै। आदिवासी बाहुल्य इस ग्राम के लोग अमलोर सिरपुर आने के लिए वन विकास निगम के वन मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। वन मार्ग से आते-जाते समय वन्य प्राणियों से अक्सर सामना हो जाने के कारण ग्रामीणों ने सुशासन तिहार के समय सडक़ निर्माण की मांग की थी। इनके मांग पर वन विकास निगम ने सडक़ के लिए एक करोड़ का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा था, पर अभी तक स्वीकृत नहीं मिली है।

सडक़ नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने बिना अनुमति लिए वन मार्ग में आने वाले 89 नग मिश्रित प्रजाति के एवं 3 सागौन पेड़ को काट दिया। सूचना पर वन अमला ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वनपरिक्षेत्र अधिकारी आशीष कुमरी ने बताया कि बिना अनुमति के वृक्षों की कटाई पर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26-1क, च एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधि. 1984 की धारा 03 के तहत वन निगम अमले ने कार्रवाई की। मामले में 36 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और सभी जेल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार अपने गांव से अमलोर सिरपुर जाने के लिए उनके पास कोई रास्ता नहीं है वर्षों से मांग की जा रही है। आये दिन ग्रामीणों का वन्य प्राणियों से सामना हो जाता है, इसलिए वन रास्ते के दोनों तरफ  सफाई की गई है।


अन्य पोस्ट