महासमुन्द

नकाबपोशों के राहगीरों को रात में रोकने-पीछा करने से दहशत
14-Sep-2025 8:18 PM
नकाबपोशों के राहगीरों को रात में रोकने-पीछा करने से दहशत

गश्त बढ़ा दी गई है, बदमाश शीघ्र पकड़े जाएंगे-पुलिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा,14 सितंबर। पिथौरा- बागबाहरा मार्ग पर इन दिनों कुछ नकाबपोश युवकों द्वारा राहगीरों को रात में रोकने एवं पीछा करने की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नगर में लगातार चोरियों आपराधिक घटनाओं के बीच उक्त घटना से लोग सहम गए है। दूसरी ओर स्थानीय पुलिस ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सूचना के बाद गश्त बढ़ा दी गई है। बदमाश शीघ्र पकड़े जाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार विगत माह भर से बागबाहरा मार्ग पर पिथौरा तेंदुकोना बॉर्डर के आसपास कुछ नकाबपोश मार्ग पर चलने वाली दुपहिया एवं कार में जाते राहगीरों को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।

इस संबंध में कुछ पीडि़तों ने सोशल मीडिया के जरिये इस मार्ग पर चलने वालों को सावधान रहने की हिदायत दी थी। नगर के निवासी नंदकिशोर एरन भी विगत सप्ताह रात करीब 10 बजे अपनी निजी कार से परिवार सहित बागबाहरा से पिथौरा आ रहे थे। इस बीच ग्राम बरतुंगा के आसपास कुछ नकाबपोशों ने सडक़ के बीचोबीच दुपहिया खड़े कर उन्हें रोकने का प्रयास किया था परन्तु वे बमुश्किल भाग कर नगर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने मोबाइल किया परन्तु मोबाइल अटेंड नहीं होने से श्री एरन खुद ही थाना पहुंच कर सूचना दी थी। इसके बावजूद तत्काल पुलिस नहीं पहुंची परन्तु देर रात पिथौरा एवं तेंदुकोना पुलिस बागबाहरा मार्ग पर गस्त करती दिखी।

नगर में बढ़ते अपराध और नशेड़ी

दूसरी ओर नगर में लगातार छोटे बच्चे युवाओं के बीच नशीली गोली से नशा का चलन बढ़ता जा रहा है।  इस  सूचना के बाद भी पुलिस मौन है।

ज्ञात हो कि इसी नशे में मस्त युवा नगर के मुख्यमार्गों में तीन से चार सवारी बैठा कर तेज रफ्तार दुपहिया में स्टंट  करते देखे जा सकते है। ये युवक पुलिस के सामने भी खुलेआम स्टंट करते देखे जा सकते हैं। इनकी हरकतों से कभी भी किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

प्रतिदिन गश्त, शीघ्र सलाखों में होंगे बदमाश-टीआई

 पिथौरा टीआई उमेश वर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि उक्त मामले की सूचना मिलते ही पुलिस गश्त के साथ ग्रामीण भी बदमाशों की तलाश में जुटे हंै। मुखबिर भी लगे हैं। शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।


अन्य पोस्ट