महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11सितंबर। सरायपाली क्षेत्र के बलौदा थाना अंतर्गत एक ग्राम में एक 12 वर्षीया बच्ची के साथ रेप के अगस्त 2022 के एक मामले में 9 सितंबर को पवन कुमार अग्रवाल जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एफ टीएससी पॉक्सो सरायपाली ने आरोपी को आजीवन कारावास एवं 2 हजार रुपए अर्थदण्ड से दण्डित किया है। शासन की ओर से मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक लोचन प्रसाद साहू ने की।
मिली जानकारी अनुसार 10 अगस्त 2022 को बालिका के पिता ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अगस्त 2022 को उसकी पुत्री स्कूल से आकर उसके मामा के घर पर खेलने गई थी। उसी समय गांव का हरीश बाघ, जिसका घर भी उसी के बगल में है, वह उसकी पुत्री को अकेली पाकर उसके हाथ को खींचकर बुरी नीयत से घर के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर उसके साथ अनाचार किया। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी के रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया था। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना के पश्चात् आरोपी के विरूद्ध धारा 376 क ख, 342, 506, 34 भारतीय दंड संहिता 1860 एवं धारा 4 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत अभियोग पत्र तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय में मामले के संपूर्ण विचारण के पश्चात् दोषसिद्ध पाये जाने पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री अग्रवाल के द्वारा आरोपी को धारा 342 में 03 माह, 506 में 06 माह एवं धारा 6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत आजीवन कारावास जिसका अभिप्राय शेष प्राकृतिक जीवनकाल के लिए कारावास होगा की सजा सुनाई गई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।