महासमुन्द

मोबाइल गुम-चोरी की शिकायत पर पुलिस ने 200 मोबाइल ढूंढे, चोरों का सुराग नहीं
11-Sep-2025 2:37 PM
मोबाइल गुम-चोरी की शिकायत पर पुलिस ने 200 मोबाइल   ढूंढे, चोरों का सुराग नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 सितंबर। जिले में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन खोजने में पुलिस और साइबर डेस्क की टीम ने सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने दर्ज शिकायत के आधार पर बुधवार को कई लोगों को उनका मोबाइल लौटाया। लेकिन असहज ये है कि मोबाइल चोरी के एक भी आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ पाई। खोजे गए 200 मोबाइल की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक जिले में एक विशेष साइबर डेस्क का गठन कर अब तक लगभग 200 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जिनकी कुल कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है। अब तक बरामद हुए 200 मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंप दिए गए हैं। इस बीच संक्षिप्त पड़ताल में पता लगा कि पुलिस ने जो मोबाइल बरामद किए हैं, वे गुम या चोरी के मामले से संबंधित हैं। पुलिस की प्रेस नोट में इसका साफ तौर पर जिक्र है।  एक पीडि़त ने भी बताया कि रास्ते में उससे मोबाइल छीन लिया गया था। इस आशय की रिपोर्ट लिखाई थी लेकिन पुलिस का कहना है कि हमने गुम मोबाइल ही ढूंढे हैं। इसलिए इस मामले में आरोपी नहीं मिला। इधर, मोबाइल की बरामदगी और पीडि़तों को लौटाए जाने के विषय में जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि महासमुंद जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह के निर्देश पर जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के समाधान के लिए साइबर सेल के अंतर्गत विशेष साइबर डेस्क बनाया गया है। इसकी मदद से पुलिस ने गुम हुए 200 मोबाइल ढूंढ़ निकाले।

इस बारे में एएसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि साइबर डेस्क के माध्यम से जो मोबाइल बरामद किए गए हैं, वो सभी गुम हुए मोबाइल थे। ये मोबाइल लोगों को अलग-अलग स्थानों पर मिले थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर पोर्टल पर ब्लॉक स्टोलेन- लोस्ट मोबाइल विकल्प में जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होता है। इसके बाद मोबाइल फोन के ट्रेस या बरामद होने की जानकारी आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी पर भेज दी जाती है। महासमुंद जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में यह पोर्टल एक कारगर साधन साबित हो रहा है।

 

 जैसा कि एडिशनल एसपी ने कहा-गुम या चोरी हुए मोबाइल की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराने के बाद उसे साइबर डेस्क में भेजा जाता है। टीम द्वारा मोबाइल का आईएमआआई नंबर स्कैन कर देशभर के नेटवर्क पर उसकी लोकेशन ट्रैक की जाती है। इसके बाद बरामद मोबाइल को वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की कार्रवाई की जाती है। टीम द्वारा खोजे गए 200 मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपए है।

मचेवा निवासी दिलीप तिवारी ने बताया 14 जुलाई 2023 को मैं टहलने निकला था। घर लौट रहा था। तभी महर्षि स्कूल के पास दो युवकों ने रास्ता में सुझे रोका और जेब में रखे मोबाइल को छीनकर भाग निकले। इसकी रिपोर्ट महासमुंद थाना में 14 जुलाई 2023 को लिखवाई थी। खुशी है कि मोबाइल मिल गया है। एडिशनल एस पी प्रतिभा पांडेय ने सभी नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल चोरी या गुमशुदगी की स्थिति में तुरंत थाने या साइबर सेल को सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करें। पुलिस के अनुसार जांच में यह बात सामने आई कि कई लोग भूलवश या जानकारी के अभाव में गिरे हुए या कहीं पड़े मिले मोबाइल फोन उठा लेते हैं और अपने पास रख लेते हैं। कुछ ने तो ऐसे मोबाइल खरीदने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने इन लोगों को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति में मिले फोन को तुरंत पुलिस के पास जमा करावें।


अन्य पोस्ट