महासमुन्द

भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा उजागर-सृष्टि
02-Sep-2025 2:51 PM
भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा उजागर-सृष्टि

महासमुंद ,2 सितंबर। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 के सदस्य सृष्टि अमर चंद्राकर ने आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराने में सरकार रूचि नहीं ले रही है। जिले में लगातार पहले डीएपी और अब यूरिया जैसे रासायनिक खाद की कमी बनी हुई। जिसके कारण आज किसानों को चक्काजाम करने की नौबत आ गई है। लगातार मांग के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं देना सरकार का किसान विरोधी चेहरा को उजागर कर रहा है।

सृष्टि ने आगे कहा कि विगत 26 अगस्त 2025 को जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर सरायपाली ब्लॉक के प्राथमिक साख सहकारी समितियों में यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में लिखा है कि समितियों में यूरिया नहीं मिलने से किसानों को खुले बाजार में अधिक दाम पर यूरिया लेना पड़ रहा है। समितियों में ज्यादातर लघु कृषक ऋण लेते हैं कुछ कृषक तो ऐसे हैं जो कि बाजार में उपलब्ध खाद को अधिक धन राशि में खरीदने में समर्थ नहीं है और जो कृषक मजबूर होकर खरीद भी रहे हैं, उन्हें जबरदस्ती लादन थमाया जा रहा है। कहा है कि जिले के अत्यधिक परेशान हैं। उनकी परेशानी को देखते अध्यक्ष ने यह पत्र प्रेषित किया था।

सृष्टि ने कहा कि अध्यक्ष मोंगरा पटेल द्वारा किसानों की पीड़ा समझकर यह पत्र लिखा गया। जिसका सभी जिला पंचायत के सदस्यों ने स्वागत किया। लेकिन भाजपा समर्थित अध्यक्ष होने के बाद भी उनके पत्र के प्रतिउत्तर में शासन.प्रशासन द्वारा अब तक यूरिया उपलब्ध कराने की दिशा में कोई पहल नहीं किया गया। जिससे यह सिद्ध होता है कि भाजपा की साय सरकार केवल और केवल किसानों को जानबूझकर परेशान करने का काम कर रही है।


अन्य पोस्ट